बहराइच जिले में एक ट्रक चालक ने 35 वर्षीय तलाकशुदा महिला से दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी। यह घटना रविवार रात हरदी थाना क्षेत्र के कल्याणपुरवा के पास हुई, जहां आरोपी ने महिला को ट्रक से कुचल दिया। वारदात के समय महिला का सात वर्षीय बेटा भी मौजूद था। जानकारी के अनुसार, दरगाह क्षेत्र निवासी महिला अपने सात वर्षीय बेटे के साथ रात करीब साढ़े दस बजे नानपारा कस्बे में थी। एक ट्रक चालक ने उन्हें चांदपुरा छोड़ने के बहाने लिफ्ट दी। आरोप है कि चालक महिला को निर्धारित स्थान पर उतारने के बजाय हरदी थाना क्षेत्र के सीतापुर हाईवे स्थित कल्याणपुरवा ले गया। वहां आरोपी ने महिला को वाहन से नीचे उतारकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसे सड़क पर फेंककर ट्रक से कुचल दिया। महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद चालक ट्रक सहित फरार हो गया। यह घटना रमपुरवा पुलिस चौकी से लगभग डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर रात करीब 12 बजे हुई। सूचना मिलने पर हरदी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई पप्पू राय ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी आलोक सिंह ने बताया कि महिला का शव मिला है, जिसके कमर और निचले अंग ट्रक के पहियों से कुचलने के कारण गंभीर रूप से क्षत-विक्षत हो गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि महिला का पति से तलाक का मामला चल रहा था। पुलिस द्वारा एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) से वैज्ञानिक जांच कराए जाने की बात कही जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ट्रक चालक ने महिला को कुचलकर भागा, दुष्कर्म का आरोप:बहराइच में मासूम बेटे के सामने हुई वारदात; पुलिस सीसीटीवी खंगालने में जुटी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












