Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)राहगीरों से लूट के दो आरोपी गिरफ्तार:बस्ती पुलिस ने चार घंटे में...

राहगीरों से लूट के दो आरोपी गिरफ्तार:बस्ती पुलिस ने चार घंटे में सुलझाया मामला, नकदी-पहचान पत्र बरामद

#बस्ती_न्यूज

बस्ती में पैकोलिया थाना क्षेत्र में राहगीरों से रुपये और पर्स छीनकर फरार हुए दो आरोपियों को पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, पर्स तथा कई महत्वपूर्ण पहचान पत्र बरामद किए हैं। मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, 15 मई को थाना क्षेत्र के एनपीएस स्कूल के पास ग्राम पूरा पैकोलिया में घर लौट रहे दो व्यक्तियों से बाइक सवार दो युवकों ने रुपये व पर्स छीन लिया था। एक पीड़ित का पर्स, जिसमें करीब 1200 रुपये, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, निर्वाचन पहचान पत्र व विकलांग प्रमाण पत्र रखा था, छीन लिया गया। वहीं, दूसरे व्यक्ति से 500 रुपये नकद लूट लिए गए थे। घटना के बाद थाना पैकोलिया में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम सक्रिय हो गई थी। प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच के दौरान शुक्रवार तड़के करीब 2:10 बजे बैरियहवा मोड़ के पास से दो आरोपियों नीरज पाण्डेय और सुशील पाण्डेय उर्फ माइकल निवासी पूरा पैकोलिया को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उनके पास से एक पर्स, कुल 1500 रुपये नकद तथा विभिन्न पहचान पत्र बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि छीने गए रुपयों में से कुछ रुपये खाने-पीने में खर्च कर दिए थे। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी नीरज पाण्डेय पर हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न थानों में कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। क्षेत्राधिकारी हर्रैया स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों को तत्काल लगाया गया था। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक हरेलाल, उपनिरीक्षक कान्ति कुमार पाण्डेय सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments