Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)चैन स्नैचिंग के दो मामलों का खुलासा:बस्ती पुलिस ने आरोपियों को किया...

चैन स्नैचिंग के दो मामलों का खुलासा:बस्ती पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार, साथी फरार

#बस्ती_न्यूज

बस्ती जनपद के दुबौलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए चैन स्नैचिंग और लूट की दो घटनाओं का खुलासा किया है। पुलिस ने एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छीनी गई सोने की चेन के टुकड़े, नकदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। थानाध्यक्ष दुबौलिया जीवन त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 23 अप्रैल की रात करीब 9:30 बजे भैसहवा घाट तिराहे के पास से अभियुक्त विकास (25) पुत्र रामू निवासी मेढउआ, थाना कप्तानगंज को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से पीली धातु के दो टुकड़े (सोने की चेन), 1100 रुपये नकद और एक प्लेटिना मोटरसाइकिल (संख्या UP51-X5037) बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, 21 अप्रैल को परखटी घाट के समीप एक व्यक्ति की सोने की चेन छीनने की घटना हुई थी। इससे पहले 4 जनवरी को विशेषरगंज कस्बे के पास एक अन्य व्यक्ति से 16 हजार रुपए लूटे गए थे। दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी। पूछताछ में अभियुक्त विकास ने स्वीकार किया कि उसने 21 अप्रैल को मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति के गले से चेन छीनी थी। उसने यह भी बताया कि जनवरी में उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर झोले में रखे 16 हजार रुपए लूटे थे, जिसमें उसे 8 हजार रुपए हिस्सा मिला था, जिसे उसने खर्च कर दिया था। अभियुक्त चोरी की चेन बेचने हरैया जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। क्षेत्राधिकारी (सीओ) स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि जनपद में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से अपराधियों को स्पष्ट संदेश गया है कि उनके लिए कोई जगह नहीं है। फरार सहयोगी की तलाश की जा रही है और उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि उसके फरार साथी की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सचिदानंद दूबे, सुरेश वरुण तथा कांस्टेबल हरेन्द्र यादव और अभिषेक यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments