सिद्धार्थनगर के जगदीशपुर ग्रांट थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 9 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा सोहास-नौगढ़ मार्ग पर हुआ, जहां अनियंत्रित ई-रिक्शा सड़क किनारे बैठे लोगों पर पलट गया। जानकारी के अनुसार, भीषण गर्मी के चलते कई ग्रामीण सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे बैठे थे। इसी दौरान सोहास की ओर से आ रहा एक ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर लोगों पर पलट गया। हादसे में फूला देवी पत्नी मुनिराज यादव गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनका 9 वर्षीय पोता रिशाल पुत्र राजेंद्र यादव ई-रिक्शा के नीचे दब गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल माधव प्रसाद मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने रिशाल को मृत घोषित कर दिया। फूला देवी का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि उनके शरीर में कई जगह गंभीर चोटें आई हैं और हड्डियां भी टूट गई हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ई-रिक्शा चालक समेत वाहन को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर सदर विधायक श्यामधनी राही के प्रतिनिधि सत्य प्रकाश राही भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
सिद्धार्थनगर में अनियंत्रित ई-रिक्शा पलटा, मासूम की मौत:महिला गंभीर घायल, सड़क किनारे बैठे लोगों पर पलटा वाहन
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












