लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में यूपी 112 के पुलिसकर्मियों की तत्परता से एक व्यक्ति की जान बच गई। मामला थाना जगदीशपुर के अंतर्गत ग्राम सरेसर का है, जहां 12 जून को दोपहर करीब 1:36 बजे पुलिस को एक घरेलू विवाद की सूचना मिली थी।
सूचना मिलते ही पीआरवी 5344 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने देखा कि एक व्यक्ति ने खुद को घर के अंदर बंद कर लिया है और वह दरवाजा नहीं खोल रहा है। किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और पड़ोसी की छत के रास्ते घर के भीतर प्रवेश किया।
अंदर पहुंचने पर पुलिस टीम ने देखा कि वह व्यक्ति गमछे का फंदा बनाकर फांसी पर लटक चुका था। पीआरवी कर्मियों ने बिना समय गंवाए तुरंत तत्परता दिखाते हुए गमछे को काटा और व्यक्ति को सुरक्षित नीचे उतारा, जिससे उसकी जान बच गई।
पुलिस महानिदेशक ने किया पुरस्कृत
इस साहसिक और उत्कृष्ट कार्य के लिए यूपी 112 के पुलिस महानिदेशक विनोद कुमार सिंह ने पीआरवी 5344 की टीम की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत किया है। सम्मानित होने वाले कर्मियों में कमांडर हरिओम उपाध्याय, सब कमांडर प्रमिला तिवारी, कौशिक सिंह और पायलट पवन कुमार सरोज शामिल हैं। महानिदेशक ने अपने संदेश में कहा कि पीआरवी कर्मियों की इस त्वरित कार्रवाई से पूरे पुलिस विभाग का मान बढ़ा है।












