HomeHealth & Fitnessयूपी एटीएस-एसटीएफ ने पाकिस्तानी स्लीपर सेल नेटवर्क का किया भंडाफोड़

यूपी एटीएस-एसटीएफ ने पाकिस्तानी स्लीपर सेल नेटवर्क का किया भंडाफोड़

लखनऊ। उत्तर प्रदेश एटीएस और उत्तर प्रदेश एसटीएफ को पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के स्लीपर सेल को ध्वस्त करने में बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त जांच और कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो कथित रूप से पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स और आईएसआई नेटवर्क के संपर्क में थे।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सहारनपुर निवासी महकाब और शाहरुख, मुजफ्फरनगर निवासी गगनदीप उर्फ गुरी सिंह तथा हरिद्वार निवासी मुशर्रफ शामिल हैं। सभी को सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और वीडियो कॉलिंग एप्स के जरिए पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और उससे जुड़े हैंडलर्स के संपर्क में थे। जांच एजेंसियों के अनुसार इन लोगों को संवेदनशील स्थानों की रेकी करने, युवाओं को देशविरोधी और आतंकी गतिविधियों में शामिल करने तथा संगठित नेटवर्क तैयार करने का जिम्मा सौंपा गया था।

एडीजी कानून-व्यवस्था एवं एसटीएफ अमिताभ यश ने बताया कि एटीएस और एसटीएफ ने संयुक्त रूप से इस मॉड्यूल की निगरानी और जांच की थी। जांच के दौरान चारों आरोपियों के पाकिस्तानी गैंगस्टर्स और आईएसआई हैंडलर्स से जुड़े होने के प्रमाण मिले। इसके बाद कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच एजेंसियों का कहना है कि आरोपी संवेदनशील सरकारी प्रतिष्ठानों और सामरिक महत्व के स्थानों की जानकारी जुटाने में लगे थे। साथ ही वे पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को लालच और बहकावे में लेकर नेटवर्क से जोड़ने का प्रयास कर रहे थे। बदले में उन्हें पैसे और हथियार उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया जाता था।

सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी लंबे समय से आईएसआई के इशारे पर भारत विरोधी गतिविधियों के लिए युवाओं को उकसाने और उन्हें अपने नेटवर्क में शामिल करने की कोशिश कर रहा है। इससे पहले भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से उसके संपर्क में रहने वाले कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

इस मामले में थाना एटीएस लखनऊ में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच एजेंसियां अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर नेटवर्क, फंडिंग, विदेशी संपर्क और संभावित साजिशों के बारे में विस्तृत पूछताछ करेंगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments