Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)तीन साल से अधूरी पानी टंकी, ग्रामीणों का विरोध:बस्ती में सामान ले...

तीन साल से अधूरी पानी टंकी, ग्रामीणों का विरोध:बस्ती में सामान ले जा रहे मजदूरों को रोका, जल निगम अधिकारियों से नोकझोंक

#बस्ती_न्यूज

बस्ती में जल जीवन मिशन के तहत गौर विकासखंड की बेलवरिया जंगल ग्राम पंचायत में तीन साल से अधूरे पड़े पानी की टंकी के निर्माण को लेकर बुधवार देर शाम ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने निर्माण स्थल से जल निगम का सामान ले जाने पहुंचे मजदूरों को रोक लिया और सामान लदी पिकअप को अपने कब्जे में ले लिया। सूचना मिलने पर गौर पुलिस और जल निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे, जहां ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि मेघा कंपनी ने तीन वर्ष पहले पानी की टंकी और पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू किया था। पाइपलाइन के लिए इंटरलॉकिंग सड़क की खुदाई की गई, लेकिन उसकी मरम्मत नहीं कराई गई। वहीं, टंकी निर्माण के लिए खोदा गया गड्ढा लंबे समय से खुला पड़ा है, जिससे खतरा बना हुआ है। बुधवार देर शाम मजदूर एक पिकअप लेकर निर्माण स्थल पर सामान लोड करने पहुंचे थे। इसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और सामान ले जाने का विरोध करते हुए मजदूरों को रोक लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मजदूरों को थाने पहुंचाया। गुरुवार सुबह प्रधान प्रतिनिधि रामअवतार यादव और पूर्व प्रधान श्रवण चौधरी के नेतृत्व में ग्रामीण गौर थाने पहुंचे। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक अधूरा निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया जाता, तब तक साइट से कोई सामान नहीं ले जाने दिया जाएगा। जल निगम के अधिकारियों ने ग्रामीणों को निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। जल निगम के अवर अभियंता अश्वनी भारद्वाज ने बताया कि ग्रामीणों ने गलतफहमी के कारण मजदूरों को रोका था। उन्होंने कहा कि ग्रामीण निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग कर रहे हैं और उच्चाधिकारियों से वार्ता कर काम जल्द शुरू कराया जाएगा।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular