#बस्ती_न्यूज
बस्ती के लालगंज थाना क्षेत्र में लगभग एक वर्ष से चला आ रहा जमीनी विवाद मंगलवार को हिंसक झड़प में बदल गया। दोपहर करीब 12 बजे दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद जमकर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चले। इस घटना में कई लोग घायल हो गए, जबकि एक युवक का पैर टूट गया। जानकारी के अनुसार, यह विवाद मोनू उर्फ मुहम्मद समीम और सूफिया खातून का मिथिलेश, चिंताहरण और चंदन से भूमि को लेकर चल रहा है। मामले में एसडीएम के आदेश पर राजस्व विभाग द्वारा कई बार पैमाइश भी कराई गई थी, लेकिन विवाद का समाधान नहीं हो सका। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विपक्षी पक्ष एक अधिवक्ता के संरक्षण में होने के कारण प्रशासनिक आदेशों और पैमाइश की रिपोर्ट को मानने से इनकार करता रहा है। उनका यह भी कहना है कि उन्हें आए दिन नाली का रास्ता रोकने, विवाद खड़ा करने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी जाती रही हैं, जिससे उनका परिवार लगातार भय के माहौल में जी रहा था। आरोप है कि मंगलवार को विपक्षी पक्ष द्वारा सूफिया खातून के शौचालय को जबरन तोड़ने का प्रयास किया जा रहा था। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गई। दोनों ओर से ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों का इस्तेमाल किया गया, जिससे पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया और शांति भंग की आशंका के मद्देनजर उनके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए माननीय न्यायालय भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में जमीनी विवाद पर हिंसक झड़प:एसडीएम की पैमाइश के बाद भी नहीं थमा, कई घायल
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











