भारतीय राजनीति के गंभीर माहौल के बीच इन दिनों इंटरनेट पर एक बेहद अनोखी और व्यंग्यात्मक पार्टी की खूब चर्चा हो रही है। इस नई वर्चुअल पार्टी का नाम है कॉकरोच जनता पार्टी (CJP), जिसे अभिजीत दीपके नाम के एक युवा डिजिटल रणनीतिकार ने शुरू किया है। सोशल मीडिया पर यह अनोखा अभियान बिजली की तेजी से वायरल हो रहा है और देश का युवा वर्ग (Gen Z) इसे हाथों-हाथ ले रहा है।
इस पार्टी के गठन के पीछे एक विवाद जुड़ा हुआ है। दरअसल देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने हाल ही में एक सुनवाई के दौरान कथित तौर पर समाज में जगह तलाश रहे बेरोजगार युवाओं की तुलना ‘कॉकरोच’ से कर दी थी। युवाओं ने इस टिप्पणी पर गुस्सा जाहिर करने के बजाय इसे ही अपना सबसे बड़ा हथियार बना लिया। अभिजीत दीपके ने इस बयान को आधार बनाकर इसे एक बड़े राजनीतिक व्यंग्य में बदल दिया, जिसे अब युवाओं का भारी समर्थन मिल रहा है।
यह भी पढ़ें: मोदी ने मेलोनी को दी Melody टॉफी, लोगों ने दूसरी कंपनी के शेयर खरीद डाले
कौन हैं अभिजीत दीपके?
कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य सूत्रधार अभिजीत दीपके हैं। पेशे से वह एक पॉलिटिकल कम्युनिकेशन स्ट्रैटेजिस्ट हैं, यानी उनका काम सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए राजनीतिक माहौल और जनता के मूड को समझना और उसी हिसाब से नैरेटिव तैयार करना होता है।
अभिजीत ने महाराष्ट्र के पुणे से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। फिलहाल वह अमेरिका की मशहूर बोस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस में मास्टर्स कर रहे हैं। अभिजीत 2020 से 2023 तक आम आदमी पार्टी की सोशल मीडिया टीम के साथ भी जुड़े रहे। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान उन्होंने मीम और डिजिटल कैंपेन पर काम किया था।
यह भी पढ़ें: ‘अब सेफ है चिकन नेक’, शुभेंदु अधिकारी के फैसले की तारीफ क्यों? इनसाइड स्टोरी
दो दिन में जुड़े 40 हजार लोग
कॉकरोच जनता पार्टी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर खुद को स्पष्ट रूप से ‘आलसी और बेरोजगारों की आवाज’ घोषित किया है। पार्टी का दावा है कि लॉन्च होने के महज दो दिनों के भीतर ही देश के 40,000 से अधिक युवा इसकी डिजिटल सदस्यता ले चुके हैं। इतना ही नहीं, सोशल मीडिया पर महुआ मोइत्रा जैसे देश के कुछ बड़े राजनेता भी मजाकिया अंदाज में इसके सदस्य बन चुके हैं।
CJP में शामिल होने की मजेदार शर्तें
- बेरोजगार: मजबूरी से, मर्जी से या अपने सिद्धांतों की वजह से बेरोजगार होना जरूरी है।
- आलसी: शारीरिक रूप से पूरी तरह आलसी, भले ही दिमाग में विचारों का बवंडर चल रहा हो।
- घंटों ऑनलाइन रहना: बाथरूम ब्रेक मिलाकर दिन में कम से कम 11 घंटे सोशल मीडिया पर बिताना अनिवार्य है।
- प्रोफेशनल तरीके से भड़ास निकालना: देश के मुद्दों पर आपकी बातें भले ही तीखी और बेबाक हों, लेकिन उनका कोई मतलब होना चाहिए।
यह भी पढ़ें: ‘मोदी रोएगा और कहेगा कि मेरी गलती नहीं है…’, राहुल गांधी ने कसा तंज
कॉकरोच जनता पार्टी के 5 अनोखे वादे
- रिटायरमेंट के बाद नो राज्यसभा: CJP सत्ता में आई तो किसी भी चीफ जस्टिस को रिटायरमेंट के बाद इनाम के तौर पर राज्यसभा की सीट नहीं दी जाएगी।
- वोट कटा तो चुनाव आयोग पर UAPA: अगर किसी नागरिक का वैध वोट काटा गया, तो चुनाव आयोग को UAPA कानून के तहत गिरफ्तार किया जाएगा, क्योंकि वोटिंग का अधिकार छीनना आतंकवाद से कम नहीं है।
- महिलाओं को 50% आरक्षण: हर क्षेत्र में महिलाओं को आधी आबादी का पूरा हक मिलेगा।
- अमीर बिजनेसमैन के मीडिया हाउस होंगे बंद: प्रभावशाली उद्योगपतियों के मालिकाना हक वाले सभी मीडिया घरानों के लाइसेंस रद्द किए जाएंगे।
- दलबदलू नेताओं पर 20 साल का बैन: जो भी सांसद या विधायक पार्टी बदलेगा, उस पर 20 साल तक चुनाव लड़ने या कोई सरकारी पद लेने पर रोक लगा दी जाएगी।











