लखनऊ। के विभूतिखंड क्षेत्र में ऑटो में सफर कर रही एक महिला समीक्षा अधिकारी टप्पेबाजों का शिकार हो गई। आरोप है कि रास्ते में कुछ महिलाएं ऑटो में सवार हुईं और धक्का-मुक्की के दौरान उनके गले से सोने की चेन और लॉकेट को छीन लिया।
शंकरपुरी कमता निवासी 59 वर्षीय सरला देवी सचिवालय ल में समीक्षा अधिकारी के पद पर तैनात हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 23 जून की सुबह करीब 10:30 बजे वह कमता चौराहे से सचिवालय जाने के लिए एक नीले रंग के ऑटो में बैठी थीं। रास्ते में ऑटो चालक ने लोहिया अस्पताल के सामने वाहन रोककर चार महिलाओं और एक लड़की को बैठा लिया।
सरला देवी के मुताबिक, उस समय उन्होंने कोई संदेह नहीं किया। ऑटो में बैठी महिलाएं लगातार धक्का-मुक्की करती रहीं, जिससे उनका ध्यान भटक गया। लोहिया चौराहे पर उतरने के बाद उन्हें पता चला कि उनके गले में पहनी सोने की चेन और उसमें लगा लॉकेट गायब है। उनका आरोप है कि ऑटो में सवार महिलाओं ने भीड़ और धक्का-मुक्की का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मामले में इंस्पेक्टर विभूतिखंड का कहना है पीड़िता की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर आरोपी महिलाओं की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।












