स्पोर्ट्स स्टेडियम भिनगा में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे उपाध्यक्ष, जीत सिंह खरवार
दिमाग और शरीर की एकता को बनाये रखता है योग-जिलाधिकारी
श्रावस्ती। ’’12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस’’ जिसका विषय ’’स्वस्थ आयु के लिए योग’’ रखा गया है, के अवसर पर जनपद में धूमधाम से योग दिवस मनाया गया। जिसके तहत जिले के स्पोर्ट्स स्टेडियम भिनगा में योगाभ्यास कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि उपाध्यक्ष, अनुसूचित एवं अनुसूचित जनजाति आयोग श्री जीत सिंह खरवार की अध्यक्षता में एवं माननीय अध्यक्ष जिला पंचायत दद्दन मिश्रा जिलाध्यक्ष डॉ0 मिश्रीलाल वर्मा, जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद एवं अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) ललित कुमार व अपर जिलाधिकारी न्यायिक अशोक कुमार ने द्वीप प्रज्वलित कर एवं भगवान धनुवंतरि जी के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। तत्पश्चात् योगाभ्यास कार्यक्रम प्रारम्भ किया गया। इस दौरान उपाध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं को योग प्रमाण पत्र भी वितरित किया तथा कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को प्रतिदिन योग करने एवं नशा मुक्ति हेतु शपथ दिलायी।इस अवसर पर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे मा0 उपाध्यक्ष ने अपने सम्बोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन परम्परा का एक अमूल्य उपहार है। नियमित योग करने से हमारा शरीर स्वस्थ रहता है। जिससे अनेकों बीमारियों से बचाव होता है। योग करने से हमारे शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती हैं। साथ ही यह दिमाग और शरीर की एकाग्रता को भी बनाये रखता है। योग मनुष्य और प्रकृति के बीच सामंजस्य भी है। योग एवं व्यायाम विचार, संयम और स्फूर्ति प्रदान करने वाला है तथा अनेकों स्वास्थ्य लाभ के साथ ही एक समग्र दृष्टिकोण प्रदान करता है।अध्यक्ष जिला पंचायत ने अपने सम्बोधन में कहा कि प्राचीन काल से ही योग भारतवर्ष की संस्कृति और सभ्यता का हिस्सा रहा है। जिसे हम लोग भूल चुके हैं जो चिन्ता का विषय है, अगर सभी जनपदवासी योग को अपना लें तो दवाओं पर व्यय होने वाले रूपये को रोका जा सकता है तथा स्वस्थ्य समाज के निर्माण की परिकल्पना को पूरा किया जा सकता है। इसके लिए जन-जन को योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए ताकि वे सब नियमित रूप प्रतिदिन एक घण्टा योगा करके शरीर को स्वस्थ सक्रिय एवं निरोग रख सकें, ताकि स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके।
मा0 जिलाध्यक्ष ने कहा कि योग हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न अंग है। यदि हम सभी सुबह उठकर सिर्फ एक घण्टा योग कर ले तो निश्चित ही शरीर की अनेक बीमारियों से बचे रहेंगे। उन्होने कहा कि हम सब आभारी हैं मा0 प्रधानमंत्री जी एवं मा0 मुख्यमंत्री जी के जिन्होंने भारत की ऋषि परंपरा के इस उपहार को न केवल भारत के अंदर बल्कि दुनिया के अंदर पहुंचाया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि योग करने से हमारे शरीर को विभिन्न बीमारियों से बचाया जा सकता है। साथ ही यह दिमाग और शरीर की एकता को भी बनाये रखता है। उन्होंने यह भी बताया है कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार ’’12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस’’ के अवसर पर जिले के समस्त योग वेलनेस सेंटर, हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर्स, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, आयुष हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर्स एवं अन्य चिकित्सालयों में योगाभ्यास के कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसमे माननीय जनप्रतिनिधियों एवं आम जनमानस द्वारा प्रतिभाग किया गया।योगाभ्यास कार्यक्रम में योग वेलनेस सेंटर के योग प्रशिक्षक अरूण कुमार एवं योग सहायकों द्वारा योग प्रशिक्षण को सम्पन्न कराया गया। कार्यक्रम के उपरान्त मा0 उपाध्यक्ष ने स्पोर्ट्स स्टेडियम परिसर में पौधरोपण कर लोगों को अधिक से अधिक पौधरोपण का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि सुभाष सत्या, प्रभारी चिकित्साधिकारी आयुष डा0 ए0के0 वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी/कर्मचारी एवं भारी जनसमूह उपस्थित रहा। इसके अतिरिक्त जनपद के अन्य सभी ब्लाक मुख्यालयों, तहसील मुख्यालयों, नगर निकाय, स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग, पुलिस विभाग, योग वेलनेस सेंटर, हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर्स, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, आयुष हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर्स एवं अन्य चिकित्सालयों में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इसी क्रम में विधायक श्रावस्ती रामफेरन पाण्डेय ने इकौना स्थित जगतजीत इंटर कॉलेज में भगवान धनुवंतरि जी के चित्र पर माल्यार्पण कर एवं द्वीप प्रज्वलित कर योगाभ्यास किया। इस दौरान मा0 विधायक ने कहा कि योग परंपरा को महर्षि पतंजलि ने योग सूत्रों के माध्यम से व्यवस्थित किया। इस तरह उन्होंने योग की दार्शनिक और व्यावहारिक संरचना की नींव रखी। ऋषियों और योग गुरुओं ने सदियों से इस ज्ञान को संरक्षित और समृद्ध कर विश्व में इसके प्रसार में सहायता की है। आज देश के मा0 प्रधानमंत्री एवं प्रदेश के मा0 मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में पूरे भारतवर्ष एवं अन्य देशों में वृहद स्तर पर योग दिवस मनाया जा रहा है।
इस दौरान उपजिलाधिकारी रवेन्द्र कुमार, आशुतोष पाण्डेय सहित खण्ड विकास अधिकारी व अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।












