Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बहराइच में मेडिकल कॉलेज में योग सप्ताह शुरू:21 जून तक चलेंगे विशेष...

बहराइच में मेडिकल कॉलेज में योग सप्ताह शुरू:21 जून तक चलेंगे विशेष सत्र, निरोग रहने की सीख


बहराइच में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में महाराजा सुहेलदेव स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (मेडिकल कॉलेज) में सोमवार को सात दिवसीय ‘योग सप्ताह’ का शुभारंभ हुआ। यह अभियान 15 जून से 21 जून तक चलेगा, जिसका उद्देश्य स्वास्थ्यकर्मियों, भावी डॉक्टरों और आमजन को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है। योग सप्ताह के पहले दिन शिविर का आयोजन मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. संजय खत्री की अध्यक्षता में किया गया। योग विशेषज्ञ डॉ. विकास ने अधिकारियों, चिकित्सकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया।
डॉ. विकास ने कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और सूर्य नमस्कार जैसी क्रियाओं का अभ्यास कराते हुए उनके वैज्ञानिक महत्व को समझाया। उन्होंने बताया कि ये क्रियाएं शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं। शिविर को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य डॉ. संजय खत्री ने कहा कि योग हमारी प्राचीन भारतीय संस्कृति की अनमोल धरोहर है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों तथा प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की प्रेरणा से यह योग सप्ताह आयोजित किया जा रहा है, जिसका लक्ष्य चिकित्सालय परिसर में योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना है। हॉस्पिटल मैनेजर रिजवान के अनुसार, पूरे सप्ताह प्रतिदिन सुबह विशेष योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में हर दिन अलग-अलग स्वास्थ्य जागरूकता विषयों पर भी चर्चा की जाएगी। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.के. वर्मा, डॉ. बृजेश शुक्ला, डॉ. राजेंद्र कुमार शुक्ला, डॉ. अमित यादव और डॉ. स्मिता फिलिप्स सहित कॉलेज के अन्य संकाय सदस्य, हॉस्पिटल मैनेजर, नर्सिंग अधीक्षिका, स्वास्थ्य कर्मी, एमबीबीएस और बीएससी नर्सिंग के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments