HomeHealth & Fitnessदेवरिया में दाे बाइकाें की ज़ोरदार टक्कर में युवक की जिंदा जलकर...

देवरिया में दाे बाइकाें की ज़ोरदार टक्कर में युवक की जिंदा जलकर माैत

देवरिया। उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित काशीपुर के पास शनिवार को दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। खेतों में जल रही पराली ने सड़क को पूरी तरह ढक लिया था, जिसकी वजह से दो बाइकों की सीधी टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि बाइक सवार एक युवक बाइक समेत सड़क किनारे गिर गया, जहां पहले से ही आग लगी हुई थी। बाइक में लगे पेट्रोल ने आग में घी का काम किया और युवक की जिंदा जलकर मौत हो गई।

सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। एसडीएम अवधेश निगम क्षेत्राधिकारी हरी राम यादव, थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम देवरिया ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन किया। मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की गई है।

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर ने बताया कि मृतक की पहचान ग्राम विरवा संत टोलिया निवासी मुसाफिर (40) के रूप में हुई है। वह अपने साले की शादी का कार्ड बांटने ग्राम ईश्वरपुर जा रहा था।

जिस समय हादसा मुसाफिर के साथ एक छोटा बच्चा था, जो हादसे के दौरान उछलकर दूसरी ओर जा गिरा था, जिससे उसकी जान बच गई।

फायर ऑफिसर अरुण कुमार के नेतृत्व में दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को फैलने से रोका, जिससे आसपास के खेतों में बड़ा नुकसान होने से बच गया। मामले का संज्ञान लेकर जिलाधिकारी ने जांच के आ​देश देते हुए एसडीएम के नेतृत्व में कृषि विभाग की संयुक्त टीम गठित की है।

टीम में जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह, कृषि निदेशक सुभाष मौर्य, सहायक विकास अधिकारी कृषि अभिषेक तिवारी, लेखपाल व कानूनगो को शामिल किया गया है। टीम द्वारा क्षेत्र में सर्वे कर पराली जलाने वालों की पहचान की जा रही है, जिनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम ने बताया कि मृतक के परिजनों को किसान बीमा दुर्घटना योजना के तहत आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी। साथ ही, भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा एक छोटी सी लापरवाही कैसे जानलेवा बन सकती है, यह हादसा उसकी भयावह मिसाल है।

d92d6d126203cb494b7b0cc4401b2c2d_947569856

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments