Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)किशोरी प्रतिभा 40 घंटे से लापता:राप्ती नदी में तलाश जारी, पुलिस सभी...

किशोरी प्रतिभा 40 घंटे से लापता:राप्ती नदी में तलाश जारी, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही


श्रावस्ती जिले के भिनगा कोतवाली क्षेत्र के जोगनी गांव से सोमवार शाम से लापता 17 वर्षीय प्रतिभा देवी का 40 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। किशोरी की तलाश में परिजन और पुलिस राप्ती नदी व आसपास के इलाकों में लगातार जुटे हुए हैं। राप्ती नदी किनारे उसका हेयर बैंड मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है। परिजनों के अनुसार, सोमवार को नाली के पानी को लेकर प्रतिभा के पिता तेजराम वर्मा का गांव निवासी रमेश वर्मा से विवाद हुआ था। आरोप है कि इस दौरान मारपीट भी हुई। इसके बाद तेजराम वर्मा और उनकी पत्नी शिकायत दर्ज कराने भिनगा कोतवाली गए थे। शाम को जब वे घर लौटे, तो प्रतिभा घर पर नहीं मिली। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में प्रतिभा की तलाश शुरू की। इसी दौरान घर से करीब 200 मीटर दूर खेत के पास राप्ती नदी किनारे उसका हेयर बैंड पड़ा मिला। इसके बाद परिजनों ने आशंका जताई कि किशोरी के साथ कोई अनहोनी हुई है और उसे नदी में धक्का दिया गया हो सकता है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने राप्ती नदी और आसपास के इलाकों में तलाश अभियान शुरू किया। मंगलवार को भी पुलिस टीम और परिजन दिनभर किशोरी की खोजबीन में लगे रहे। नदी में भी तलाशी ली गई, लेकिन अभी तक प्रतिभा का कोई पता नहीं चल सका है। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर प्रतिभा को बहला-फुसलाकर ले जाने या नदी में धक्का देने की आशंका जताई है। हालांकि, अभी तक कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया है, जिसने प्रतिभा को नदी में गिरते या किसी व्यक्ति द्वारा उसे नदी में धक्का देते हुए देखा हो। पुलिस मामले के सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। इकौना के क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार सिंह ने बताया कि 17 वर्षीय किशोरी के लापता होने की सूचना पर संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर लिया गया है। शिकायतकर्ता की निशानदेही पर पुलिस टीम किशोरी की तलाश कर रही है। प्रतिभा इंटरमीडिएट की छात्रा है और अपने चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी है। 40 घंटे बीत जाने के बाद भी बेटी का कोई सुराग न मिलने से परिजन परेशान हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular