HomeHealth & Fitnessदरभंगा में मोहर्रम के बाद हिंसा, ताजिया विसर्जन के दौरान उपद्रव में...

दरभंगा में मोहर्रम के बाद हिंसा, ताजिया विसर्जन के दौरान उपद्रव में 6 लोग घायल

दरभंगा। बिहार में दरभंगा जिले के कमतौल थाना क्षेत्र के बरिऔल चौक पर रविवार रात मोहर्रम के अवसर पर ताजिया विसर्जन एवं पहलाम के बाद उपद्रव और मारपीट की घटना से इलाके में तनाव फैल गया। उपद्रवियों ने कई घरों, दुकानों और मंदिर परिसर में हमला कर तोड़फोड़ की।

घटना में कम से कम छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोप है इस दौरान हिंदुओं के घरों को निशाना बनाया गया। तनाव को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देररात कुछ लोगों ने बरिऔल चौक और आसपास के क्षेत्रों में उत्पात मचाया। उपद्रवियों ने कई घरों और दुकानों में तोड़फोड़ की। मंदिर की चाहरदीवारी क्षतिग्रस्त कर दी।

दुकानों के शीशे तोड़ दिए तथा इलाके में लगे सीसीटीवी को भी नुकसान पहुंचाया। कई मकानों की एस्बेस्टस की चादरें भी क्षतिग्रस्त कर दी। इस दौरान रास्ते में जो लोग मिले उनके साथ मारपीट की गई।

सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और हालात पर काबू पाया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जाले रेफर किया गया। पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार कर अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापे मारे हैं।

पुलिस के अनुसार, घटना की पृष्ठभूमि में करीब चार वर्ष पूर्व हुए एक अंतरधार्मिक प्रेम विवाह से जुड़ा विवाद सामने आया है। बताया गया कि संबंधित युवक मोहर्रम के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा, जहां कुछ लोगों के साथ उसकी कहासुनी और हाथापाई हुई।

इसके बाद कुछ लोग उसे खोजते हुए उसके गांव पहुंचे, जिसके बाद उपद्रव और तोड़फोड़ की घटना हुई। शुभेंद्र कुमार सुमन (एसडीपीओ कमतौल) ने बताया कि फिलहाल बरिऔल और आसपास के क्षेत्रों में स्थिति नियंत्रण में है।

प्रशासन ने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए स्पष्ट किया है कि मामले में शामिल सभी दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments