बख्शी का तालाब। लखनऊ-सीतापुर हाईवे पर इटौंजा के पास शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सवारियों से भरा एक तेज रफ्तार ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर कई बार पलट गया। इस हादसे में ऑटो में सवार एक अधेड़ मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि ड्राइवर समेत पांच अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के मुताबिक, सीतापुर के अटरिया इलाके में स्थित कुम्हरन पुरवा के रहने वाले 57 वर्षीय जगन्नाथ पेशे से मजदूर थे। उनके बेटे बृजेश ने बताया कि जगन्नाथ शुक्रवार सुबह काम के सिलसिले में लखनऊ आए थे। दोपहर करीब तीन बजे वह काम खत्म करके ऑटो से वापस अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान इटौंजा कस्बे के पास यह हादसा हो गया।मौके पर मौजूद लोगो के अनुसार,ऑटो की रफ्तार काफी तेज थी। इटौंजा के पास अचानक सामने कुछ आने पर ड्राइवर ने तेजी से ब्रेक मार दिया। रफ्तार तेज होने के कारण ऑटो का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर ही तीन-चार बार पलटता चला गया। हादसे के वक्त ऑटो में करीब छह से सात सवारियां बैठी थीं।
अस्पताल में तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम
हादसे में गंभीर रूप से घायल जगन्नाथ को तुरंत सौ शैया अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके पास मिले मोबाइल से घरवालों को इस हादसे की खबर दी गई। मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। जगन्नाथ अपने पीछे पत्नी उमा, चार बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं।वहीं, हादसे में चोटिल हुए ऑटो ड्राइवर को इटौंजा के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी अन्य सवारियों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक इलाज देने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।












