Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बस्ती की 1187 ग्राम पंचायतें सीएम अवॉर्ड की दौड़ में:उत्कृष्ट कार्य पर...

बस्ती की 1187 ग्राम पंचायतें सीएम अवॉर्ड की दौड़ में:उत्कृष्ट कार्य पर मिलेगा 35 लाख तक का पुरस्कार

#बस्ती_न्यूज

बस्ती जिले की ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को गति देने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुरस्कार (सीएम अवॉर्ड) योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस योजना में जिले की सभी 1187 ग्राम पंचायतें शामिल होंगी। पंचायतों को विभागीय पोर्टल पर 31 जुलाई तक आवेदन करना होगा। नौ निर्धारित मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पंचायतों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। योजना के तहत पंचायतों का मूल्यांकन शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, महिला सुरक्षा और रोजगार सहित कुल नौ प्रमुख विकास मानकों के आधार पर किया जाएगा। आवेदन प्राप्त होने के बाद एक जिला स्तरीय समिति पंचायतों के कार्यों का परीक्षण और सत्यापन करेगी। इसके बाद पात्र पंचायतों की संस्तुति शासन को भेजी जाएगी, जहां अंतिम चयन प्रक्रिया पूरी होगी। मुख्यमंत्री पुरस्कार योजना के अंतर्गत राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली ग्राम पंचायत को 35 लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा। द्वितीय स्थान पर 30 लाख रुपये, तृतीय को 20 लाख रुपये, चतुर्थ को 15 लाख रुपये तथा पांचवें स्थान पर रहने वाली पंचायत को 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इस धनराशि का उपयोग गांवों में आय बढ़ाने वाली योजनाओं और स्थायी विकास कार्यों पर किया जाएगा। जिला पंचायत राज अधिकारी घनश्याम सागर ने बताया कि मुख्यमंत्री पुरस्कार योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि जो ग्राम पंचायतें उत्कृष्ट विकास कार्य कर रही हैं, वे 31 जुलाई तक आवेदन कर सकती हैं। जांच और सत्यापन के बाद प्रस्ताव शासन को भेजे जाएंगे, जिसके उपरांत चयनित पंचायतों को पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments