खुनियांव क्षेत्र में सोमवार को आई तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचा दी। अचानक बदले मौसम और तेज हवाओं के कारण कई गांवों में मकानों, टीनशेड, पेड़ों, बिजली पोलों, सोलर प्लेटों और निर्माणाधीन पानी की टंकियों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर घरों की छतों से टीन शेड उड़ गए, जबकि कच्चे मकानों की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। बल्लीजोत गांव में मोहम्मद सालिक की सोलर प्लेट तेज हवा में टूटकर पूरी तरह खराब हो गई। आंधी के कारण कई बड़े पेड़ और उनकी डालियां सड़कों पर गिर गईं, जिससे आवागमन बाधित हो गया। पेड़ गिरने से बिजली के तार और पोल भी टूट गए, जिसके चलते डुमरियागंज फीडर से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। कई गांवों में रातभर अंधेरा छाया रहा। पेडारी, नेनगर, धोबहाँ, गौराबाजार, रजवापुर मिश्र, मिर्जापुर, बिडरा, भरहया, परसपुर, हथीवा, डेगहाजोत, कटया, मानादेई, सिरसिया, अमहवा और बड़हरा सहित कई गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित है। धोबहाँ क्षेत्र के लाइनमैन अमरनाथ ने बताया कि आंधी से क्षेत्र में व्यापक नुकसान हुआ है। करीब 61 बिजली पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर जारी है और जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी बीच रामापुर विशुनपुर गांव में जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन स्टील बॉडी ओवरहेड टैंक भी आंधी की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। टैंक का ऊपरी हिस्सा झुककर लटक गया, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही बिजली विभाग, राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और नुकसान का जायजा लेकर मरम्मत एवं राहत कार्य शुरू कर दिया है।
खुनियांव में आंधी-बारिश से 61 बिजली पोल टूटे:कई गांव अंधेरे में डूबे; जल जीवन मिशन की टंकी भी क्षतिग्रस्त
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












