HomeHealth & Fitnessमध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर, आज 20 जिलों में लू...

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर, आज 20 जिलों में लू का अलर्ट, नर्मदापुरम सबसे गर्म

भोपाल। मध्य प्रदेश में गर्मी ने अपने तेवर और तेज कर दिए हैं। आज शुक्रवार को प्रदेश के 20 जिलों में लू (हीट वेव) चलने की चेतावनी जारी की गई है। इनमें रतलाम, झाबुआ, धार, अलीराजपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट शामिल हैं। 19 और 20 अप्रैल को कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना भी है।

गर्मी के बढ़ते असर को देखते हुए अनूपपुर में स्कूलों का समय बदलकर सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक कर दिया गया है। वहीं डिंडौरी में नर्सरी से 8वीं तक की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक ही संचालित होंगी। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का उच्चतम स्तर है। इसके अलावा रतलाम, धार, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में भी लू जैसे हालात बने रहे।

तापमान की बात करें तो नर्मदापुरम के बाद रतलाम में 42.8 डिग्री दर्ज किया गया। दमोह और मंडला में 42 डिग्री, शाजापुर में 41.8 डिग्री, गुना में 41.7 डिग्री, मलाजखंड, टीकमगढ़ और छिंदवाड़ा में 41.5 डिग्री, उमरिया और श्योपुर में 41.4 डिग्री, धार और खजुराहो में 41 डिग्री, सतना में 40.9 डिग्री, खरगोन में 40.8 डिग्री, सागर में 40.7 डिग्री, दतिया और सीधी में 40.6 डिग्री, खंडवा और बैतूल में 40.5 डिग्री, सिवनी और रीवा में 40.4 डिग्री, जबकि नौगांव में 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। प्रदेश के बड़े शहरों में भी गर्मी का असर साफ दिखा। जबलपुर में 41.4 डिग्री, भोपाल और ग्वालियर में 40.5 डिग्री, उज्जैन में 40.7 डिग्री और इंदौर में 40.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अप्रैल के दूसरे पखवाड़े से गर्मी तेजी से बढ़ती है और महीने के अंत तक तापमान नए रिकॉर्ड बना सकता है। इस बार भी तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। दिनभर पर्याप्त पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने, दोपहर की तेज धूप से बचने और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों का अधिक ध्यान रखने की अपील की गई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments