महसी क्षेत्र में पिछले दो दिनों से पेट्रोल और डीजल की भारी किल्लत बनी हुई है। ईंधन पंपों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जिससे आम जनता परेशान है। इस संकट का फायदा उठाकर कालाबाजारी करने वाले सक्रिय हो गए हैं। क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों पर पेट्रोल 200 रुपए से 220 रुपए प्रति लीटर तक बेचा जा रहा है, जो सामान्य दर से दोगुना है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, महसी के वाजपेयी पुरवा और सोतिया भट्ठा चौराहे जैसे स्थानों पर पेट्रोल की कालाबाजारी बड़े पैमाने पर हो रही है। जरूरतमंद लोगों से मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं। आरोप है कि पुलिस और प्रशासन इस अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने में विफल रहे हैं और उनका रवैया टालमटोल भरा है। इस कालाबाजारी के मामले में जब चौकी प्रभारी गंगा यादव से संपर्क किया गया, तो उन्होंने कहा, “यदि कोई महंगा तेल बेच रहा है, तो उससे न खरीदें। CO महसी, पवन कुमार ने इस मामले में जिला पूर्ति विभाग को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि यदि जिला पूर्ति अधिकारी कार्रवाई का निर्देश देंगे और पुलिस बल की आवश्यकता होगी, तो पुलिस प्रशासन सहयोग करेगा। इस पूरे मामले पर जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) नरेंद्र तिवारी ने बताया कि जिले में इस समस्या को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी व्यक्ति को पीपे या जरीकेन में तेल न दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि चौराहों पर कोई अवैध रूप से तेल बेचता पाया गया, तो उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जाएगी।
महसी में खुलेआम दोगुने दाम पर बिक रहा पेट्रोल:ईंधन पंपों पर लंबी कतारें; DSO बोले- अवैध बिक्री पर होगी कार्रवाई
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












