कौशाम्बी। जिले में साइबर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण के निर्देश पर सराय अकिल थाना पुलिस ने एक संगठित साइबर ठगी गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कई अहम साक्ष्य बरामद किए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को प्रभारी निरीक्षक सराय अकिल द्वारा समन्वय (JMIS) पोर्टल की जांच के दौरान प्रतिबिम्ब पोर्टल पर दर्ज एक शिकायत (कम्प्लेन्ट संख्या 33204260026918) सामने आई। शिकायत के अवलोकन में पाया गया कि फकीराबाद चौराहा स्थित एटीएम से साइबर अपराधियों द्वारा 10,000 रुपये की निकासी की गई है।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। एचडीएफसी बैंक, फकीराबाद शाखा से एटीएम का सीसीटीवी फुटेज प्राप्त किया गया। जांच में सामने आया कि जिस एटीएम कार्ड का इस्तेमाल किया गया, वह केनरा बैंक के खाता संख्या xxxxx1343 से संबंधित है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान का प्रयास किया जा रहा था, तभी मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने फकीराबाद क्षेत्र से आरोपी मो. फुरकान अंसारी (पुत्र जाहिद अंसारी, निवासी फकीराबाद, थाना सराय अकिल) को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी के पास से 2 बैंक पासबुक, 1 पैन कार्ड, 1 आधार कार्ड, 8 डेबिट कार्ड, 2 मोबाइल फोन, 4470 रुपये नकद तथा 2 मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सराय अकिल में आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने भाई के साथ मिलकर साइबर ठगी का गिरोह संचालित करता है। गिरोह के अन्य सदस्य राजस्थान, मध्य प्रदेश और झारखंड के निवासी हैं। यह लोग फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मोबाइल सिम कार्ड हासिल करते हैं और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘टेलीग्राम’ के माध्यम से निवेश के नाम पर लोगों को झांसे में लेते हैं।आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वे भोले-भाले लोगों को लालच देकर उनके बैंक खातों का इस्तेमाल करते हैं, उनके पासबुक और एटीएम कार्ड अपने पास रख लेते हैं और उन्हीं के माध्यम से ठगी की रकम निकालते हैं।












