किशनगंज। बिहार में किशनगंज के जिलाधिकारी विशाल राज के निर्देश पर रविवार को किशनगंज जिले में अवैध लेनदेन और संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर छापेमारी की गई।
प्रशासन की अलग-अलग टीमों ने जिले के पांच स्थानों पर एक साथ दबिश देकर बैंक खातों, वित्तीय दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की गहन जांच शुरू की। सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच के दौरान कुछ अहम दस्तावेज हाथ लगे हैं, जिनसे संदिग्ध लेनदेन के नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
जांच के दौरान विदेशी फंडिंग का एंगल भी सामने आया है। आशंका है कि संदिग्ध लेनदेन के तार विदेशों से जुड़े हो सकते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए बैंक ट्रांजेक्शन, विदेशी रेमिटेंस और संबंधित लोगों के संपर्कों की बारीकी से जांच की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि यदि विदेशी फंडिंग से जुड़े ठोस सबूत मिलते हैं, तो मामले को केंद्रीय जांच एजेंसियों को सौंपा जा सकता है। इस कार्रवाई में जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। छापेमारी टीम में एडीएम और डीएसपी स्तर के अधिकारी शामिल हैं, जो मौके पर मौजूद रहकर पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं।
अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई ठोस साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है और बिना पुख्ता प्रमाण के किसी पर आरोप नहीं लगाया जाएगा। छापेमारी के दौरान टीमों ने संदिग्ध लोगों के घरों और ठिकानों से बैंक से जुड़े कागजात, प्रॉपर्टी रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों को खंगाला।
इन दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। साथ ही जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं और इसका दायरा कितना बड़ा है।
जिला प्रशासन ने इस अभियान को भ्रष्टाचार और अवैध वित्तीय गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा बताया है। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीमावर्ती जिला होने के कारण किशनगंज में अवैध लेनदेन और विदेशी फंडिंग से जुड़ी गतिविधियां पहले भी सुरक्षा एजेंसियों की चिंता का विषय रही हैं। ऐसे में इस छापेमारी को काफी अहम माना जा रहा है।छापेमारी की खबर सामने आते ही जिले में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
कई लोग इसे प्रशासन की सख्ती के तौर पर देख रहे हैं, जबकि कुछ का मानना है कि यह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है और आने वाले समय में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी की कार्रवाई जारी है और आने वाले घंटों में और महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है। फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।












