बहराइच के नानपारा थाना क्षेत्र से तीन नाबालिग लड़कियां लापता हो गई हैं। ये लड़कियां बीते दिन कोचिंग जाने का कहकर घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। रविवार को परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। लापता हुई लड़कियों में से एक की मां निवासी ताजपुर, नानपारा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी और गांव की दो अन्य सहेलियां, जिनकी उम्र 14 और 16 वर्ष है, बीते दिन 18 अप्रैल को शाम करीब 3 बजे घर से निकली थीं। लड़कियों ने परिजनों को बताया था कि वे नानपारा स्थित कोचिंग सेंटर जा रही हैं। वे अपने साथ कपड़े और कुछ पैसे भी लेकर गई थीं। देर शाम तक जब वे घर नहीं लौटीं, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पीड़ित मां और अन्य दो लड़कियों के माता-पिता ने नानपारा कोतवाली पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। कोतवाल राजनाथ सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और लड़कियों की खोजबीन के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।
तीन नाबालिग लड़कियां घर से लापता:नानपारा से कोचिंग जाने का कहकर निकली थीं, पुलिस ने केस दर्ज किया
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












