गाजियाबाद। गाजियाबाद के लोनी के इंद्रापुरी इलाके में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को शरारती तत्वों द्वारा खंडित किए जाने की घटना ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश की लहर पैदा कर दी है। घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण है और प्रशासन अलर्ट मोड में नजर आ रहा है।
खतौली से विधायक मदन भैया ने इस घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे एक सुनियोजित साजिश बताते हुए कहा कि कुछ षड्यंत्रकारी ताकतें लोनी की सामाजिक एकता और भाईचारे को तोड़ने की कोशिश कर रही हैं।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, ‘बाबा साहेब सिर्फ किसी एक वर्ग के नहीं, बल्कि पूरे देश के सम्मान और संविधान के प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा को नुकसान पहुंचाना सीधे-सीधे देश की एकता और सामाजिक सौहार्द पर हमला है।’
जातीय उन्माद भड़काने की कोशिश
मदन भैया ने आरोप लगाया कि यह घटना सामान्य शरारत नहीं, बल्कि क्षेत्र में जातीय तनाव फैलाने की सोची-समझी साजिश है। उनके मुताबिक, ऐसे तत्व समाज को बांटकर माहौल बिगाड़ना चाहते हैं, लेकिन लोनी की जागरूक जनता उनके इरादों को सफल नहीं होने देगी।
जनता से शांति बनाए रखने की अपील
तनाव के बीच विधायक मदन भैय्या ने लोगों से संयम बरतने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘यह समय परीक्षा का है। मैं लोनी की जनता से हाथ जोड़कर अपील करता हूं कि वे शांति और भाईचारा बनाए रखें। हमेशा की तरह इस बार भी धैर्य और समझदारी से जवाब दें।’
देशद्रोह की धाराओं में कार्रवाई की मांग
विधायक ने इस कृत्य को ‘अतिनिंदनीय’ बताते हुए प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दोषियों पर सामान्य नहीं, बल्कि देशद्रोह जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में कोई ऐसी हरकत करने की हिम्मत न कर सके।
साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो बढ़ते जनाक्रोश की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। फिलहाल, इलाके में पुलिस बल तैनात है और हालात पर नजर रखी जा रही है, लेकिन यह घटना एक बार फिर सामाजिक सौहार्द और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।












