लखनऊ। पूर्वी जोन के थाना चिनहट पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को सेमरा कट के पास से दबोचा और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, 16 अप्रैल 2026 को पीड़िता की मां ने थाना चिनहट में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाया गया है। इस मामले में मुकदमा संख्या 203/26 धारा 137(2)/87 बीएनएस के तहत कृष्णा उर्फ प्रीतेश, मोनू और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
मामले की विवेचना उपनिरीक्षक विवेक मिश्रा द्वारा की जा रही थी। इसी क्रम में 22 अप्रैल को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी 24 वर्षीय प्रीतेश खरे पुत्र लक्ष्मी खरे निवासी डूडा कॉलोनी, चिनहट को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता को बरामद कर लिया गया है और उसका बयान दर्ज करने सहित अन्य साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया जारी है। वहीं, मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।












