सिद्धार्थनगर जनपद के इटवा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कठेला गर्वी में शुक्रवार को ‘ग्राम चौपाल-गांव की समस्या गांव में समाधान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। डीएम शिवशरणप्पा जीएन ने इसकी अध्यक्षता की, जिसमें मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन का उद्देश्य गांवों में ही चौपाल लगाकर लोगों की समस्याओं को सुनना और उनका तत्काल समाधान करना है। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और सभी पात्र लाभार्थियों तक उनका लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने किसानों को सरकारी न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं खरीद सुनिश्चित करने, फार्मर रजिस्ट्री कराने और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि आयुष्मान कार्ड से लोग 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, वृद्धा, विधवा व दिव्यांग पेंशन जैसी योजनाओं से वंचित लोगों को तुरंत चिन्हित कर लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। चौपाल में नेटवर्क कनेक्टिविटी, सड़क, राशन वितरण, वरासत, भूमि विवाद और प्रमाण पत्रों के समयबद्ध निस्तारण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने की अपील की गई। ग्राम चौपाल में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर अपनी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, उपजिलाधिकारी कुणाल, जिला विकास अधिकारी राजमणि वर्मा, डीसी मनरेगा संदीप सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कठेला गर्वी में ग्राम चौपाल आयोजित:ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर हुआ समाधान, डीएम ने की अध्यक्षता
RELATED ARTICLES












