पूर्व भारतीय सेना प्रमुख जनरल (सेवानिवृत्त) मनोज मुकुंद नरवणे ने शुक्रवार को फिर से साफ कहा कि भारत ने चीन के हाथों कोई जमीन नहीं गंवाई है। साथ ही उन्होंने अपने अप्रकाशित किताब के कुछ अंशों पर लगे राजनीतिक आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संसद के बजट सत्र में जनरल नरवणे की किताब ‘Four Stars of Destiny’ के कुछ हिस्सों का हवाला देकर दावा किया था कि चीन ने भारतीय जमीन हड़प ली है लेकिन जनरल नरवणे ने अब इस विवाद पर दो टूक जवाब देते हुए कहा, ‘जब मैंने वह बयान दिया था, तब भी मैंने कहा था कि जमीन का कोई नुकसान नहीं हुआ है। आज भी मैं उसी बात पर कायम हूं। यही बात है।’
उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि यह विवाद हकीकत से ज्यादा धारणा बनाने का है। जनरल नरवणे ने कहा, ‘अगर कोई व्यक्ति मानना ही नहीं चाहता तो कोई भी बयान या सबूत उसका मन नहीं बदल सकता। हमने पूरी कोशिश की, लेकिन अगर कोई सच्चाई को स्वीकार नहीं करना चाहता और अपनी अलग राय पर अड़ा रहता है, तो वैसा ही सही।’
(खबर अपडेट की जा रही है।)












