HomeHealth & Fitnessदिल्लीः एक ही रात में तीन जगहों पर लगी आग, कोई हताहत...

दिल्लीः एक ही रात में तीन जगहों पर लगी आग, कोई हताहत नहीं

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में शुक्रवार देर रात आग की तीन बड़ी घटनाएं सामने आई। पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग स्थित शकूरबस्ती रेन बसेरा झुग्गियों में भीषण आग लगने से सैकड़ों परिवार बेघर हो गए, जबकि पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मीनगर में ट्रांसफार्मर में लगी आग ने आसपास के मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। वहीं, रोहिणी सेक्टर-24 में एक चार मंजिला इमारत में आग लगने से अफरातफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि तीनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है लेकिन भारी संपत्ति नुकसान हुआ है।

दमकल विभाग के अनुसार सबसे बड़ी घटना पंजाबी बाग थाना क्षेत्र के शकूरबस्ती स्थित रेन बसेरा झुग्गियों में हुई। जहां देर रात अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 350 से अधिक झुग्गियां इसकी चपेट में आ गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को घरेलू सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला और वे जान बचाकर बाहर भागे। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग पर देर से पहुंचने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि समय पर दमकल की गाड़ियां पहुंच जातीं तो नुकसान कम हो सकता था। हालांकि पश्चिमी जिले के पुलिस उपायुक्त दराडे शरद भास्कर के अनुसार रात करीब साढ़े 11 बजे आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके तुरंत बाद पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और जांच जारी है।

दूसरी घटना पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मीनगर इलाके में सामने आई, जहां शुक्रवार देर रात एक ट्रांसफार्मर में आग लगने के बाद लपटें बिजली के तारों के सहारे आसपास की रिहायशी इमारतों तक पहुंच गईं। आग ने करीब एक दर्जन फ्लैटों को नुकसान पहुंचाया। धुआं और आग की लपटें देखकर लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग, पुलिस और बिजली विभाग को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि दमकल टीम करीब एक घंटे की देरी से पहुंची, जिससे आग और अधिक फैल गई।

दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया। अधिकारियों के अनुसार, सभी लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। हालांकि चार मकानों में रखा सामान पूरी तरह जल गया और लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।

इसी रात तीसरी घटना रोहिणी सेक्टर-24 के पॉकेट-20 में हुई, जहां एक चार मंजिला इमारत में अचानक आग लग गई। सूचना रात 8:54 बजे दमकल विभाग को मिली, जिसके बाद छह दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद रात 11 बजे आग पर काबू पाया गया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments