सिद्धार्थनगर जनपद के खेसरहा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बेलवनवा में स्वच्छता अभियान प्रभावी नहीं दिख रहा है। गांव की नालियां कचरे और दुर्गंध से पूरी तरह अटी पड़ी हैं, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य सड़क के किनारे बनी नाली भी गंदगी से पटी हुई है, जो नियमित सफाई के अभाव को दर्शाती है। नालियों में जमा कचरा और सड़ांध संक्रामक बीमारियों के खतरे को बढ़ा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से नालियों की सफाई नहीं हुई है। ग्रामीण धर्मेंद्र ने बताया कि गांव की नालियां पूरी तरह जाम हो चुकी हैं। बदबू इतनी अधिक है कि घर के बाहर बैठना भी मुश्किल हो गया है। कई बार शिकायत के बावजूद समस्या बनी हुई है। वहीं, जितेंद्र का कहना है कि मुख्य सड़क की नाली कचरे से भर गई है, जिससे पानी का निकास नहीं हो पा रहा है और बरसात में सड़क पर पानी भर जाता है। ओम प्रकाश ने कहा कि सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। गांव में नियमित सफाई न होने के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और लोग बीमार पड़ रहे हैं। बृजेश ने सफाई कर्मियों की कमी को पूरे गांव की सफाई न हो पाने का मुख्य कारण बताया। इस संबंध में सफाई कर्मी आलोक सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत के अंतर्गत चार राजस्व गांव आते हैं, जिनमें से दो गांवों में सफाई कर्मी नहीं हैं। ऐसे में एक ही व्यक्ति पर कई गांवों की जिम्मेदारी होने के कारण नियमित सफाई में दिक्कत आती है। उन्होंने कहा कि आवश्यकतानुसार सफाई की जाती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि गांव को गंदगी से मुक्ति मिल सके और स्वच्छता अभियान का लाभ सही मायनों में उन तक पहुंच सके।
सिद्धार्थनगर में स्वच्छता अभियान बेअसर:बेलवनवा ग्राम पंचायत की नालियां कचरे से पटीं, ग्रामीणों को परेशानी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












