- दीप्ती सीएम बृजेश पाठक को बुलाने पर अड़े रहे लोग
लखनऊ। पुरानी जेल रोड पर मंगलवार सुबह सड़क हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई। बुधवार को परिजनों ने कृष्णा नगर क्षेत्र में सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया। परिजन आर्थिक सहायता और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। उपमुख्यमंत्री को मौके पर बुलाने को लेकर अड़े रहे। इस दौरान आवागमन भी प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
आलमबाग इंस्पेक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि कृष्णानगर थाना क्षेत्र के स्नेह नगर निवासी अरुण कुमार सोनकर (36) की सड़क हादसे में मौत हुई थी। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे वह ऑटो लेकर घर से निकले थे। पुरानी जेल रोड पर अचानक एक जानवर सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दीवार से टकरा गया, जिससे अरुण गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायल अरुण को पहले लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। अरुण कुमार की पत्नी सरिता ने कहा कि कोई कह रहा है कि सरकारी गाड़ी से एक्सीडेंट हुआ। कोई कह रहा है कि जानवर के लड़ने से एक्सीडेंट हुआ। हादसे को लेकर तरह-तरह की बातें की जा रही हैं। सच्चाई सामने नहीं आ रही है।अरुण परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे।
परिवार में पत्नी सरिता, दो बेटियां और एक बेटा हैं। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही कृष्णानगर थाना पुलिस समेत कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर मामले का समाधान निकालने की कोशिश कर रहे हैं।












