नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 133वें एपिसोड में देश की उपलब्धियों, विरासत और जनभागीदारी से जुड़े कई अहम विषयों पर चर्चा की। उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र में भारत की प्रगति को रेखांकित करते हुए इसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम बताया।
प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु के कलपक्कम स्थित फास्ट ब्रीडर रिएक्टर के क्रिटिकलिटी हासिल करने पर वैज्ञानिकों को बधाई दी। उन्होंने इसे भारत की परमाणु ऊर्जा यात्रा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताते हुए कहा कि यह रिएक्टर पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से निर्मित है, जो देश की वैज्ञानिक क्षमता को दशार्ता है। उन्होंने मार्च 2024 की अपनी कलपक्कम यात्रा को याद करते हुए कहा कि उस समय वे रिएक्टर की कोर लोडिंग के साक्षी बने थे।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने पवन ऊर्जा क्षेत्र में तेजी से हो रही प्रगति का उल्लेख करते हुए बताया कि देश की उत्पादन क्षमता बढ़कर 56 गीगावॉट तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में ही 6 गीगावॉट की वृद्धि हुई है, जो हरित ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की मजबूत स्थिति को दर्शाता है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर को भी याद किया और उन्हें बहुआयामी प्रतिभा के धनी महान विचारक बताया। उन्होंने शांति निकेतन की अपनी यात्रा को अविस्मरणीय अनुभव बताते हुए कहा कि टैगोर के विचार आज भी समाज को दिशा दे रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने देश में जारी जनगणना प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए जनभागीदारी की अपील की और बताया कि अब तक 1.20 करोड़ मकानों का सूचीकरण पूरा हो चुका है। उन्होंने लोगों से ऑनलाइन माध्यम से भी फॉर्म भरने का आग्रह किया।
उन्होंने नेशनल आर्काइव ऑफ इंडिया द्वारा 20 करोड़ दस्तावेजों के डिजिटलीकरण की पहल का जिक्र करते हुए कहा कि इससे देश की ऐतिहासिक धरोहर आम लोगों तक पहुंच सकेगी। साथ ही ‘बीटिंग रिट्रीट’ की धुनों के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होने की जानकारी भी दी।
वन्यजीव संरक्षण, बांस उद्योग और पूर्वोत्तर के विकास का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने लोगों से स्थानीय उत्पादों को अपनाने की अपील की। उन्होंने यूरोपियन गर्ल्स मैथमेटिकल ओलंपियाड में भारतीय टीम के बेहतर प्रदर्शन और भारतीय खानपान, विशेषकर पनीर की वैश्विक मांग बढ़ने पर भी खुशी जताई। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की उपलब्धियां जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं, और यही भावना भारत को आगे ले जाएगी।
मन की बात: मोदी ने टैगोर को नमन कर गिनाईं ऊर्जा क्षेत्र की उपलब्धियां
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












