श्रावस्ती के जमुनहा ब्लॉक क्षेत्र स्थित नासिरगंज कस्बे के मुख्य चौराहे पर पिछले कई महीनों से स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी है। इसके कारण शाम होते ही पूरा चौराहा अंधेरे में डूब जाता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, अंधेरे के कारण चौराहे पर अक्सर छोटे-मोटे हादसे होते रहते हैं। विशेष रूप से महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में कठिनाई होती है। दुकानदारों का कहना है कि शाम ढलते ही ग्राहकों की आवाजाही कम हो जाती है, जिससे उनके व्यापार पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। चौराहे पर अंधेरा रहने से लोगों में असुरक्षा का माहौल भी बना हुआ है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि अंधेरे का लाभ उठाकर असामाजिक तत्व सक्रिय हो सकते हैं, जिससे चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। स्थानीय निवासी अहमद रज़ा, सुभान अल्लाह, शेर अली और लवकुश सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से स्ट्रीट लाइट को जल्द से जल्द ठीक कराने की मांग की है। उनकी अपील है कि चौराहे पर रोशनी बहाल की जाए ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके। मौके पर लगे बोर्ड के अनुसार, यह हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट विधान क्षेत्र विकास निधि योजना वर्ष 2023-24 के तहत स्थापित की गई थी। इसका उद्घाटन श्रावस्ती के विधायक श्री राम फेर पाण्डेय द्वारा किया गया था।
नासिरगंज चौराहे पर कई महीनों से स्ट्रीट लाइट बंद:शाम होते ही अंधेरे से राहगीर परेशान, हादसे का डर
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












