HomeHealth & Fitnessएक कदम लक्ष्य की ओर फाउंडेशन की राष्ट्रीय कोर कमेटी गठित, समाजसेवा...

एक कदम लक्ष्य की ओर फाउंडेशन की राष्ट्रीय कोर कमेटी गठित, समाजसेवा को मिलेगी नई दिशा

गाजियाबाद। समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय संस्था ‘एक कदम लक्ष्य की ओर फाउंडेशन’ ने अपने संगठनात्मक विस्तार की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए राष्ट्रीय कोर कमेटी का गठन किया। गुरुवार को प्रताप विहार स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक में संस्थापक अध्यक्ष जितेन्द्र गौड़ की अध्यक्षता में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।

बैठक में फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील यादव ने कोर कमेटी के पदाधिकारियों व सदस्यों के नामों की घोषणा की और संस्था की आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने समाजसेवा के प्रति समर्पित और निष्ठावान लोगों से जुड़ने का आह्वान करते हुए बताया कि जल्द ही प्रदेश स्तर के बाद महानगर और जिला स्तर पर भी अध्यक्षों व पदाधिकारियों की नियुक्तियां की जाएंगी।

संस्थापक अध्यक्ष जितेन्द्र गौड़ ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में संस्था के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि फाउंडेशन का मुख्य लक्ष्य समाज के कमजोर, शोषित और जरूरतमंद वर्ग की सहायता करना है। उन्होंने कहा कि जहां सक्षम लोग अपनी समस्याओं का समाधान स्वयं कर लेते हैं, वहीं वंचित वर्ग को सहारा देने के लिए बहुत कम लोग आगे आते हैं।

फाउंडेशन ऐसे ही लोगों के लिए समर्पित होकर कार्य करेगा। बैठक के दौरान सभी पदाधिकारियों ने एक-दूसरे का परिचय प्राप्त किया, जिससे संगठन में आपसी समन्वय और मजबूती को बढ़ावा मिला। इस अवसर पर संस्थापक अध्यक्ष जितेन्द्र गौड़ और राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील यादव का प्रतीक चिन्ह देकर सम्मान किया गया। साथ ही सभी पदाधिकारियों को उनके पदनाम वाले प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

बैठक में प्रमुख रूप से सुनील सूर्या, वीके सक्सेना, एस. पाल, डॉ. बलबीर सिंह, मोहन लाल, महेश गुप्ता सहित दर्जनों पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। फाउंडेशन की इस पहल को संगठन के विस्तार और समाजसेवा के प्रभाव को बढ़ाने की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में जरूरतमंदों को व्यापक स्तर पर सहायता मिल सकेगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments