बिजली विभाग की लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। सोनवा थाना क्षेत्र के सोनवा गांव में बुधवार की सुबह में 70 वर्षीय बुजुर्ग सीताराम की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह खेत की ओर जाते समय नीचे लटक रहे हाई वोल्टेज तार की चपेट में आ गए। मृतक सीताराम, स्व. नंदलाल के पुत्र थे। ग्रामीणों के अनुसार, गांव के पास पिछले करीब तीन महीने से बिजली का तार बेहद नीचे लटक रहा था, जिससे लोगों को खेतों में आने-जाने के दौरान झुककर निकलना पड़ता था। उस समय तार में करंट नहीं था, लेकिन अचानक उसमें बिजली प्रवाहित कर दी गई, जिससे यह हादसा हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक दिन पहले भी इसी तरह की घटना में एक व्यक्ति की जान जा चुकी थी, लेकिन विभाग ने कोई सबक नहीं लिया और न ही तार को दुरुस्त कराया गया। हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने बिजली विभाग के लाइनमैन और जिम्मेदार अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते तार को सही कर दिया जाता, तो यह हादसा टल सकता था। घटना के बाद क्षेत्र में भय और गुस्से का माहौल है।
लटकते हाई वोल्टेज तार ने ली बुजुर्ग की जान:श्रावस्ती में एक दिन पहले भी हुआ था हादसा, विभाग पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












