नई दिल्ली। समय के साथ स्मार्टफोन भले मजबूत हो गए हों लेकिन चार्जिंग केबल वैसी की वैसी नाजुक ही आती हैं। ज्यादातर स्मार्टफोन के साथ आज भी सिलिकॉन या प्लास्टिक कवरेज के साथ आने वाली चार्जिंग केबल मिलती हैं। नतीजा ये होता है कि कुछ ही समय के इस्तेमाल के बाद ये कनेक्टर के पीछे से बार-बार मुड़ने की वजह से टूटने लगती हैं। इन केबल्स की आउटर कवरेज यानी कि प्लास्टिक या सिलिकॉन की लेयर एक जगह से क्रैक हो जाता है और केबल के अंदरूनी हिस्से नजर आने लगते हैं।
इसे अगर रिपेयर ना किया जाए, तो कुछ ही समय में केबल पूरी तरह खराब हो जाती है और आपको नई केबल खरीदनी पड़ती है। ऐसे में जरूरी है कि कटे-फटे चार्जिंग केबल को समय रहते रिपेयर कर लिया जाए, ताकि नई केबल खरीदने की जरूरत ही ना पड़े। ऐसा करना संभव है और आप खुद घर बैठे हीट श्रिंक, मोल्डेबल ग्लू जैसी चीजों की मदद से चार्जिंग केबल को रिपेयर कर सकते हैं।(REF.)
कैसी केबल हो सकती हैं रिपेयर?
अगर आपको लगता है कि किसी भी खराब केबल को ठीक किया जा सकता है, तो ऐसा नहीं है। दरअसल अगर आपकी केबल कनेक्टर के पीछे से या बीच में से कहीं क्रैक हुई है लेकिन फिर भी काम कर रही है, तो उसे रिपेयर किया जा सकता है और ऐसा कोई भी घर बैठे कर सकता है। वहीं अगर केबल काम करना बंद कर चुकी है या हिलाने-डुलाने पर काम कर रही है, तो उसे ठीक नहीं किया जा सकता।
मोल्डेबल ग्लू से करें रिपेयर
आप चाहें तो कटी हुई केबल को मोल्डेबल ग्लू से भी ठीक कर सकते हैं। इसे एक तरह की क्ले समझ सकते हैं, जो कि सूखने के बाद रबर का रूप ले लेती है। इससे पहले उस हिस्से को ढकना होता है, जो कि कटा हुआ है। इसके बाद मोल्डेबल ग्लू को सूखने दें। वह सूखकर रबर का रूप ले लेता है। इसके बाद आप आराम से केबल इस्तेमाल कर सकते हैं।
हीट श्रिंक का करें इस्तेमाल
किनारों या बीच से कहीं केबल के कट जाने पर आप हीट श्रिंक ट्यूब का इस्तेमाल करके आसानी से उस हिस्से को कवर कर सकते हैं, जो कि कट चुका है। इसे लगाने के लिए आपको हीट श्रिंक ट्यूब से पहले उस हिस्से को कवर करना है, जहां से केबल कटी है। इसके बाद हेयर ड्रायर, हीट गन या सीधे माचिस से हीट श्रिंक ट्यूब को गर्म करके केबल के उस हिस्से को ढक सकते हैं, जहां से वह कट गया है।
हॉट ग्लू गन से करें ठीक
कटी हुई तार रिपेयर करने का एक आसान तरीका हॉट ग्लू गन भी है। अगर आपके पास हॉट ग्लू गन है, तो उससे हॉट ग्लू को उस हिस्से पर लगा लें, जो कि कटा हुआ है। हॉट ग्लू तुरंत सूखती है और लंबे समय के लिए उस हिस्से को कवर करके रख सकती है, जो कि कटा हुआ था।
केबल प्रोटेक्टर इस्तेमाल करें
अगर आपकी केबल कनेक्टर के पीछे से कटी है, जहां से अधिक्तर लोगों की केबल खराब होती है, तो आप प्लास्टिक के केबल कनेक्टर खरीदकर भी उसे ठीक कर सकते हैं। केबल प्रोटेक्टर उस हिस्से को ढक लेंगे, जहां से केबल कट रही है और आप आसानी से उसे लंबे समय के लिए इस्तेमाल कर पाएंगे।
बिजली वाली टेप भी कारगर
अगर आपको ये सामान अपनी चार्जिंग केबल रिपेयर करने के लिए नहीं मिल रहा, तो आप साधारण बिजली वाली टेप भी ले सकते हैं। इससे उस जगह को अच्छे से टेप कर दें, जहां से केबल कट रही है। यह तरीका भी आपकी केबल को लंबे समय के लिए चलने लायक बना सकता है।












