सिद्धार्थनगर में भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों को सोमवार को बड़ी सफलता मिली। थाना मोहाना पुलिस, एसएसबी ककरहवा और कस्टम विभाग की संयुक्त टीम ने एक युवक को भारी मात्रा में सफेद धातु के आभूषण और इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी के साथ गिरफ्तार किया। बरामद सामान को जब्त कर कस्टम कार्यालय ककरहवा भेज दिया गया है। यह कार्रवाई मोहाना थाना क्षेत्र के फसादीपुर बॉर्डर इलाके में की। पुलिस, एसएसबी और कस्टम विभाग की संयुक्त टीम सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि नेपाल की ओर से एक युवक संदिग्ध सामान लेकर भारतीय सीमा में प्रवेश करने वाला है। आम के बागीचे के आसपास घेराबंदी सूचना के बाद संयुक्त टीम ने फसादीपुर बॉर्डर पर पिलर संख्या 543/1 के पास आम के बागीचे के आसपास घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद एक युवक इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी से आता दिखाई दिया। टीम को देखकर वह भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन जवानों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान युवक के पास से बड़ी मात्रा में सफेद धातु के आभूषण बरामद हुए। इनमें छह जोड़ी कान की बाली, 14 जोड़ी टप्स, 11 जोड़ी पायल और 38 गले के चंद्रमा शामिल हैं। तस्करी में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी भी जब्त कर ली गई। सस्ते जेवरात लाकर भारतीय बाजारों में बेचता था पूछताछ में आरोपी की पहचान दुर्गा प्रसाद गुप्ता पुत्र राधेश्याम गुप्ता निवासी ग्राम दूल्हा सुमाली टोला सलसलवा, थाना मोहाना, जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नेपाल से सस्ते आभूषण लाकर भारतीय बाजारों में बेचता था। सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि उसका संबंध किसी बड़े तस्करी गिरोह से तो नहीं है। कस्टम विभाग के अधिकारियों ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर उसकी वास्तविक कीमत का आंकलन शुरू कर दिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि सामान नेपाल से अवैध रूप से लाया गया था या आरोपी के पास कोई वैध दस्तावेज मौजूद थे। सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ती तस्करी सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बनी हुई है। खुली भारत-नेपाल सीमा का फायदा उठाकर तस्कर अक्सर आभूषण, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान और कॉस्मेटिक उत्पादों की तस्करी का प्रयास करते हैं। ऐसे मामलों को रोकने के लिए एसएसबी, पुलिस और कस्टम विभाग संयुक्त रूप से निगरानी बढ़ाए हुए हैं। थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया- सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही मामले में अन्य खुलासे हो सकते हैं।
सिद्धार्थनगर में भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी की कोशिश:सफेद धातु के जेवरात के साथ तस्कर गिरफ्तार, ई-स्कूटी जब्त
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












