HomeHealth & Fitnessओवरेटिंग और ब्लैक में शराब बेचने पर हुआ विवाद,सेल्समैन की हत्या

ओवरेटिंग और ब्लैक में शराब बेचने पर हुआ विवाद,सेल्समैन की हत्या

लखनऊ। मलिहाबाद इलाके में अवैध रूप से नियम के विपरीत शराब को ओवर रेट बेचने में ग्राहक का सेल्समैन से विवाद हो गया। इस दौरान शराब ठेका के सेल्समैन की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति ने ठेका खुलने से पहले सेल्समैन से शराब मांगी। सेल्समैन ने मना किया, तो लोहे की रॉड से पीट-पीटकर उसको मार डाला। बीच-बचाव करने आए युवक को भी पीट दिया। घटना का सीसीटीवी में कैद हो गई है। उसमें साफ़ दिख रहा है कि आरोपी रॉड से सेल्समैन को पीटता है। उसके बाद रॉड लहराते हुए फरार हो जाता है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक घटना सोमवार सुबह 8:30 बजे मलिहाबाद थाना क्षेत्र के ढे़डेमऊ गांव में हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि ठेके के चार हिस्सेदार हैं। जबकि अजय जायसवाल (35) शराब का सेल्समैन है। अजय जायसवाल करीब दो साल से ठेके पर काम करता था। ठेके से करीब 2 किलोमीटर दूर सैय्यद बाड़ा में उसका घर है। वह घर से ही रोज आता-जाता था। सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे वह ठेके के बाहर पहुंचा था। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेके पर नियम के विरुद्ध शराब बेची जाती है। इसके साथ ही शराब को अधिकतम बिक्री मूल्य से 30 से 50 रुपए बढ़ाकर बेचा जाता था।

प्रत्यक्ष दर्शियों का कहना है कि सोमवार सुबह ही यही हुआ। गांव में ही रहने वाला ननक्के कश्यप जो लोडर में हेल्पर का काम करता है,सुबह 8:30 बजे शराब खरीदने गया था। अजय जायसवाल ने हमेशा की तरह शराब के अधिकतम मूल्य पर 50 रुपए ज्यादा की मांग की। इस पर मामला बिगड़ गया। जिसके बाद दोनों में आपस में झगड़ा हो गया। ननक्के ने अजय पर हमला बोल दिया। बीच बचाव करने आए अजय के साथी राजन पर भी हमला किया।

पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अजय के सिर पर लोहे की रॉड से वार किए। इससे उनका सिर फट गया। वह जमीन पर गिर गया। काफी अधिक खून बह गया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम साक्ष्य इकट्ठा किए है। मौके पर पुलिस बल तैनात है। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में देशी और अंग्रेजी शराब की दुकानों पर देर रात तक अवैध रूप से शराब बेची जाती है। अवैध कैंटीन भी संचालित हो रही हैं, जहां रात करीब 12 बजे तक अवैध रूप से शराब की बिक्री होती है।

अवैध रूप से शराब बेचने वालों ने ठेके की दीवार में होल बना रखा है। उसमें से ही लोगों को अवैध रूप शराब बेचते हैं। लोगों से अधिक दाम वसूलते हैं। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। ग्रामीणों ने आबकारी विभाग और प्रशासन से इन अवैध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेके की दीवार में होल करके उससे लोगों को अवैध रूप से शराब बेची जाती है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेके की दीवार में होल करके उससे लोगों को अवैध रूप से शराब बेची जाती है। वहीं पुलिस ने इस घटना के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक अजय के परिवार में मां मीरा देवी, पत्नी हेमा जायसवाल, बेटियां खुशी व माही, बेटा कृष्णा और छोटा भाई अमित जायसवाल है। मृतक की पत्नी हेमा ने पुलिस को आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। वहीं इस मामले में पुलिस उपायुक्त उत्तरी गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि आरोपी नशे की हालत में शराब देने पहुंचा था। इस दौरान उसकी सेल्समैन से विवाद हो गया। उसने रॉड से मारकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

आबकारी की सतर्कता जारी

इस मामले में आबकारी निरीक्षक अखिलेश चौधरी ने बताया कि क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर खुले में शराब पिलाने के साथ ही नियम के विरुद्ध शराब बेचने के मामले सामने आते हैं। उन पर तत्काल कार्रवाई की जाती है। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरोपी अनुज्ञापी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाती है। इस पूरे मामले में भी विभागीय जांच की जा रही है। अखिलेश ने कहा है कि यदि कोई नियम विरुद्ध शराब बेचेगा तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाकर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments