रायबरेली: सलोन थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में समाजवादी पार्टी (सपा) के बूथ अध्यक्ष शशिधर यादव (45) की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। मामले का खुलासा करते हुए सीओ सलोन यादवेन्द्र बहादुर पाल ने बताया कि मामूली विवाद ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का रूप ले लिया।
चारा लेने गए थे खेत, शाम को मिला शव
घटना रविवार दोपहर की है, जब शशिधर यादव अपने पशुओं के लिए चारा काटने खेत गए थे। देर शाम ग्रामीणों ने खेत में उनका शव खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। उनके सिर के पीछे और आंख के पास धारदार हथियार से किए गए कई गंभीर वार के निशान मिले। सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
मां से विवाद के बाद बढ़ा मामला
जांच के दौरान पुलिस ने गांव के ही मनोज पासी और उसके भाई विनोद कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि शशिधर की मां से उनकी कहासुनी हो गई थी। इसी दौरान शशिधर बीच-बचाव करने पहुंचे और उन्हें टोका, जिससे दोनों भाई नाराज हो गए। गुस्से में उन्होंने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे शशिधर की मौके पर ही मौत हो गई।
नहर पुलिया के पास से हुई गिरफ्तारी
सीओ के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार राय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने क्षेत्र की नहर पुलिया के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई। बरामद हथियार पर खून के निशान पाए गए हैं, जिसे जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।
दोनों आरोपी भेजे गए जेल
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में फैली दहशत के बीच लोगों ने राहत की सांस ली।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )
#उत्तरप्रदेश #उत्तरप्रदेशन्यूज़ #यूपीन्यूज़ #UPNews #UttarPradeshNews #HindiNews #BreakingNews #आजकीखबर #ताज़ाखबर #यूपीसमाचार













