श्रावस्ती के किसानों की आय बढ़ाने और दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बुधवार को विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से आए पशुपालकों और मुख्यमंत्री गौ संवर्धन योजना के लाभार्थियों को आधुनिक डेयरी प्रबंधन और पशुपालन से जुड़ी नई तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व सांसद एवं जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा ने अधिकारियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विशेषज्ञों ने पशुपालकों को उन्नत चारा प्रबंधन, स्वच्छ दुग्ध उत्पादन, पशुओं की बेहतर देखभाल तथा वैज्ञानिक तरीके से डेयरी संचालन के बारे में प्रशिक्षण दिया। कॉन्क्लेव में पशुओं में होने वाले संक्रामक रोगों की समय पर पहचान, रोकथाम, नियमित निगरानी और टीकाकरण के महत्व पर भी विशेष जोर दिया गया। साथ ही दुग्धशाला विकास एवं पशुपालन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और उपलब्ध सब्सिडी की जानकारी देकर पशुपालकों को अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। मुख्य अतिथि दद्दन मिश्रा ने कहा कि आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर पशुपालक दूध की मात्रा और गुणवत्ता दोनों बढ़ा सकते हैं, जिससे उनकी आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने किसानों से विभागीय योजनाओं का लाभ उठाकर डेयरी व्यवसाय को आत्मनिर्भरता का माध्यम बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान पशुपालकों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों और विशेषज्ञों के समक्ष रखीं, जिनका मौके पर समाधान करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक राधेश्याम यादव, राजकीय दुग्ध पर्यवेक्षक मंगलम, प्रभारी जय प्रकाश श्रीवास्तव सहित पशुपालन एवं दुग्ध विकास विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।
श्रावस्ती में डेयरी कॉन्क्लेव, ‘दूध से समृद्धि’ का मंत्र:आय बढ़ाने के लिए पशुपालकों को आधुनिक तकनीक से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर दिया गया जोर
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












