ज्येष्ठ माह के दूसरे मंगलवार को बहराइच-सीतापुर हाईवे स्थित चेतरा बाग हनुमान मंदिर में भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बजरंगबली के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर के मुख्य पुजारी पिन्दू महाराज ने विधि-विधान से हनुमान जी का पूजन कराया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आरती संपन्न हुई, जिससे पूरा मंदिर परिसर ‘जय श्रीराम’ और ‘बजरंगबली’ के जयकारों से गूंज उठा। भक्तों ने दीप जलाकर और प्रसाद चढ़ाकर अपनी आस्था व्यक्त की। आरती के उपरांत मंदिर परिसर में विशाल लंगर का आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति के सदस्यों और स्थानीय युवाओं ने व्यवस्था संभाली और भक्तों को प्रसाद वितरित किया। लंगर में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए बैठने, पेयजल और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं ने बताया कि ज्येष्ठ मंगलवार को हनुमान जी की पूजा का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन पूजा-अर्चना और सेवा कार्य करने से संकट दूर होते हैं और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा। मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजनों को जारी रखने की बात कही।
चेतरा बाग मंदिर में ज्येष्ठ मंगलवार को लगा लंगर:श्रद्धालुओं ने हनुमान आरती के बाद प्रसाद ग्रहण किया
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












