श्रावस्ती पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी इकौना आलोक कुमार सिंह ने कार्यालय से चलकर एक दिव्यांग फरियादी की समस्या सुनने के लिए स्वयं उसके पास पहुंचकर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान जानकारी मिली कि कटरा नवीन मॉडर्न निवासी एक दिव्यांग व्यक्ति शारीरिक अक्षमता के कारण कार्यालय तक आने में असहज महसूस कर रहा था। यह सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार सिंह ने मानवीय पहल की। क्षेत्राधिकारी ने फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना और तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। समस्या सुनने के बाद, दिव्यांग व्यक्ति की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उसे पीआरवी-112 वाहन के माध्यम से उसके घर तक पहुंचाया गया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं है, बल्कि आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनकर उनका समाधान करना भी है। उन्होंने जोर दिया कि कोई भी नागरिक, विशेषकर दिव्यांग, बुजुर्ग या असहाय व्यक्ति, पुलिस कार्यालय या थाने में आने पर असहज महसूस न करे, यह सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। श्रावस्ती पुलिस का मानना है कि जनसुनवाई केवल शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि पीड़ितों को त्वरित राहत न्याय और भरोसा दिलाने का एक महत्वपूर्ण मंच है। इस घटना ने पुलिस की मानवीय सोच और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को उजागर किया है, जिसकी आमजन द्वारा सराहना की जा रही है।
श्रावस्ती मे क्षेत्राधिकारी दिव्यांग फरियादी के पास खुद पहुंचे:जनसुनवाई में दिए कार्रवाई के निर्देश, पीआरवी से घर भी भिजवाया
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












