#बस्ती_न्यूज
नगर पंचायत नगर में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और बदहाल विद्युत व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस कमेटी के नगर अध्यक्ष यशराज के.के. ने अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड को एक मांग पत्र सौंपा है। इसमें नगर क्षेत्र में तत्काल निर्बाध बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की गई है। यशराज के.के. ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो कांग्रेस कार्यकर्ता और नगरवासी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। उन्होंने बताया कि वार्ड संख्या 04 अटल नगर सहित नगर पंचायत के कई वार्डों में बिजली व्यवस्था लंबे समय से पूरी तरह ध्वस्त है। विभागीय अधिकारियों को बार-बार शिकायतें देने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती से लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। निर्धारित रोस्टर के विपरीत, नगर पंचायत क्षेत्र को 24 घंटे में केवल 6 से 8 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। पिछले तीन दिनों से पूरी-पूरी रात बिजली गुल रहने से लोग गर्मी और मच्छरों के बीच रात गुजारने को मजबूर हैं। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नगर अध्यक्ष ने कहा कि बिजली संकट के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और लोगों की दिनचर्या अस्त-व्यस्त हो चुकी है। लगातार शिकायतों के बावजूद, विभागीय अधिकारी केवल आश्वासन दे रहे हैं, जबकि धरातल पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं दिख रही है। इससे नगरवासियों में भारी आक्रोश है। उन्होंने अधिशासी अभियंता से जनहित को देखते हुए नगर पंचायत नगर में तत्काल निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने तथा लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। यशराज के.के. ने स्पष्ट किया कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस संबंध में मांग पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी बस्ती, उपजिलाधिकारी तथा मुख्य अभियंता विद्युत वितरण मंडल बस्ती को भी भेजी गई है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में कांग्रेस ने बिजली कटौती पर मोर्चा खोला:नगर अध्यक्ष ने निर्बाध आपूर्ति की मांग की, आंदोलन की चेतावनी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











