बहराइच में भारत-नेपाल सीमा पर मोतीपुर पुलिस ने 25 हजार के इनामी नेपाली मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह तस्कर दो सप्ताह पूर्व पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। बीते 30 अप्रैल को मोतीपुर थाना क्षेत्र के बलई गांव में सशस्त्र सीमा बल (SSB) और स्थानीय पुलिस नेपाल से आने-जाने वालों की जांच कर रही थी। इसी दौरान नेपाल के बांके जिले के कोहलपुर निवासी टेक बहादुर नेपाली को 18 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा गया था। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया था। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। शुक्रवार को मोतीपुर थाना प्रभारी आनंद चौरसिया को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार तस्कर फुट्टा चौराहा जंगल बलईगांव के पास मौजूद है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि पकड़े गए नेपाली तस्कर को पुनः पुलिस अभिरक्षा में न्यायालय भेजा जा रहा है।
25 हजार का इनामी नेपाली तस्कर गिरफ्तार:कोर्ट से पुलिस अभिरक्षा में हुआ था फरार, घेराबंदी कर दोबारा पकड़ा
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












