श्रावस्ती के मल्हीपुर थाना क्षेत्र के डिलवा गांव में शुक्रवार रात भीषण अग्निकांड हो गया। रात करीब 11 बजे खतूना पत्नी नजीर अली के घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। परिवार के सदस्य भीषण गर्मी के कारण घर के बाहर सो रहे थे। तभी अचानक घर से आग की तेज लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा घर जलने लगा। आग की भयावहता देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग की भयावहता के कारण उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। तब तक काफी देर हो चुकी थी। इस अग्निकांड में घर में रखा गेहूं, चावल, मक्का, कपड़े, रजाई-गद्दे, चारपाई, बर्तन और नकदी सहित पूरा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवार के पास अब न रहने के लिए घर बचा है और न ही खाने के लिए राशन। खतूना ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे के इलाज के लिए एक बकरी बेची थी। उस बिक्री से मिले 20 हजार रुपये नकद भी आग में जल गए। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।
श्रावस्ती के डिलवा गांव में भीषण आग:गृहस्थी का सामान, अनाज और 20 हजार नकदी राख
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












