श्रावस्ती जनपद के सोनवा थाना क्षेत्र के फतुहापुर गांव में बुधवार रात करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए महिला पंखे का तार बिजली बोर्ड में लगा रही थी, तभी वह अचानक करंट की चपेट में आ गई। मृतका की पहचान 34 वर्षीय राधा देवी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, रात में तेज गर्मी के कारण राधा देवी पंखा चलाने के लिए उसका तार बोर्ड में लगा रही थीं। इसी दौरान उन्हें जोरदार करंट लग गया और वह मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल पास के एक निजी चिकित्सक के पास ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत स्थानीय लोगों के मुताबिक, एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही राधा देवी ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि मृतका के पति राजन मुंबई में मजदूरी करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही वे घर के लिए रवाना हो गए हैं। परिवार में दो बेटे और तीन बेटियां हैं। मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण किया जाता था। भीषण गर्मी में बढ़ा बिजली उपकरणों का इस्तेमाल श्रावस्ती समेत आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। गर्मी के कारण घरों में बिजली उपकरणों का उपयोग बढ़ गया है। इसी दौरान असावधानी की वजह से यह हादसा हो गया। विशेषज्ञों ने बरतने को कहा सावधानी विशेषज्ञों ने लोगों से बिजली उपकरणों का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने की अपील की है। उनका कहना है कि गीले हाथों से स्विच बोर्ड या तार नहीं छूना चाहिए। साथ ही जर्जर वायरिंग को तुरंत ठीक कराना और बच्चों व बुजुर्गों को बिजली उपकरणों से सुरक्षित दूरी पर रखना जरूरी है। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से गांवों में जर्जर तारों और खुले बिजली बोर्डों की जांच कर आवश्यक सुधार कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
पंखे का तार लगाते समय करंट से महिला की मौत:श्रावस्ती में अस्पताल ले जाते वक्त तोड़ा दम, पति मुंबई में मजदूरी करता है
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












