बिजनौर,बरूकी। पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर बरूकी बस स्टैंड स्थित नहर पर पुलिया निर्माण की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने एक बार फिर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। गत रात्रि से क्षेत्र के ग्रामीण धरना स्थल पर जुटे हुए हैं।
धरना स्थल पर मौजूद भाकियू टिकैत के बिजनौर तहसील अध्यक्ष चौधरी कोमन सिंह ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से संगठन सर्विस रोड की नहर पर पुलिया निर्माण की मांग उठा रहा है। उनका आरोप है कि नेशनल हाईवे निर्माण कंपनी के अधिकारियों द्वारा कई बार आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया गया, लेकिन अब तक पुलिया निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो सका।
उन्होंने कहा कि इस बार भारतीय किसान यूनियन किसी भी आश्वासन के झांसे में नहीं आएगी और पुलिया निर्माण कार्य शुरू होने तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रखा जाएगा। किसानों का कहना है कि पुलिया न होने के कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों को लंबे समय से आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धरने में क्षेत्रीय अध्यक्ष बृजेश कुमार, विनीत कुमार मौर्य, तिलकराम खोबे, धर्मवीर सिंह, मूला सिंह, अब्दुल मजीद, शशिकांत सहित सैकड़ों ग्रामीण और किसान मौजूद रहे।












