बनासकांठा। राजस्थान के रणुजा (रामदेवरा) से दर्शन कर लौट रहे बनासकांठा जिले के एक परिवार की कार भीषण हादसे का शिकार हो गई।
राजस्थान के बालोतरा जिले में भारतमाला एक्सप्रेस हाईवे पर हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे में धानेरा तालुका के थावर गांव के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चे समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे थावर गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार थावर गांव का चौधरी परिवार कार में सवार होकर रणुजा दर्शन के लिए गया था। रविवार को दर्शन कर सभी लोग वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान जसोल थाना क्षेत्र के आसोतरा के पास अचानक एक नीलगाय कार के सामने आ गई।
कार चालक ने नीलगाय को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया की
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और हाईवे प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत नाहटा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जोधपुर रेफर किया गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
हादसे में मृतकों की पहचान
अजमलभाई गणेशभाई चौधरी (35), हितेशभाई देवरणभाई चौधरी (32) और योगेशभाई ईश्वरभाई चौधरी (18) के रूप में हुई है।
वहीं घायल लोगों में अशोकभाई रमेशभाई चौधरी (26), कमलेशभाई नवाभाई चौधरी (30) और आठ वर्षीय आयुषभाई अजमलभाई चौधरी शामिल हैं। गांव के तीन युवकों की एक साथ मौत से पूरे धानेरा क्षेत्र में गहरा दुख और शोक फैल गया है।












