संत कबीर नगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लोक भवन सभागार लखनऊ में आयोजित अनुदेशक सम्मान समारोह में प्रदेश सरकार द्वारा 24717 अनुदेशकों की मानदेय बढ़ोतरी पर उपस्थित अनुदेशकों को नवीनतम मानदेय रूपए 17 हजार का प्रतीकात्मक चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश के समस्त अनुदेशकों, शिक्षक/शिक्षिकाओं को बेसिक स्तर पर नौनिहालों को शिक्षित करने, सवारने एवं उनके भविष्य को तरासने में उनके समर्पित योगदान पर हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के 24717 अनुदेशकों का मानदेय 09 हजार रूपये से बढ़ा कर 17 हजार रूपया कर दिया गया है।
इसी क्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव, विधायक खलीलाबाद अंकुरराज तिवारी, विधायक मेंहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी, विधायक धनघटा गणेशचन्द्र चौहान एवं मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की गरिमामयी उपस्थित में जनपद के कलेक्ट्रेट सभागार में अनुदेशक सम्मान समारोह का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर सभी मा0 अतिथिगणों एवं अधिकारीगणों को पुष्प गुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री द्वारा अनुदेशकों के सम्मान समारोह कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायकगणों, अधिकारीगणों एवं अनुदेशकों द्वारा देखा और सुना गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायकगण द्वारा अनुदेशक सम्मान समारोह के अवसर पर जनपद के 215 अनुदेशकों को 17 हजार रूपये का प्रतीकात्मक चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधायक खलीलाबाद अंकुरराज तिवारी ने अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री द्वारा अनुदेशकों के समर्पण एवं उनकी भावनाओं का कद्र करते हुए मानदेय को बढ़ाकर 17 हजार रूपया किये जाने पर उनका हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए जनपद के समस्त अनुदेशकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने 24717 परिवारों की चिंता करते हुए यह पुनीत निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री की पवित्र सोच का ही परिणाम है कि आज ज्यादातर योजनाएं गरीबों के कल्याण एवं जरूरतमंदों के हितार्थ ही चलायी जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेशवासियों के लिए एक नेता का नही बल्कि परिवार का भाव रखते है।
विधायक मेंहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी ने सभी अनुदेशकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार का यह निर्णय बहुत ही सराहनीय है जिससे आज अनुदेशकों के चेहरों पर खुशहाली है। उन्होंने कहा कि जबतक हमारे देश के बच्चें शिक्षित नही होगें, देश एवं प्रदेश का विकास अधूरा ही रहेगा और इसमें बेसिक शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान होता है।
विधायक धनघटा गणेशचन्द्र चौहान ने उपस्थित सभी अनुदेशकों, जनप्रतिनिधिगणों का हार्दिक अभिवादन करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बेसिक शिक्षा का कायाकल्प हुआ है। आज प्रदेश का हर विद्यालय पूर्ण रूप से समस्त सुविधाओं से व्यवस्थित एवं सुसज्जित है। विधायक ने बुनियादी स्तर पर बच्चों को सवारने में बेसिक शिक्षकों के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डालते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंन कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ सहित विकास की सभी बुनियादी जरूरतों का तेजी से विकास हो रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने इस अवसर पर उपस्थित जिला पंचायत अध्यक्ष, सभी विधायकगण, समस्त जनप्रतिनिधिगणों का आभार एवं सरकार के निर्णय के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए समस्त अनुदेशकों को शुभकामनाएं दिया। उन्होंने कहा कि समस्त शिक्षकों का कर्तव्य है कि विद्यालय में अपने कार्यो एवं जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें जिससे एक शिक्षित समाज एवं समर्थ राष्ट्र के निर्माण में उनकी भूमिका याद की जाए।
अनुदेशक सम्मान समारोह का सफल संचालन व्यायाम शिक्षक इंद्रेश पांडेय द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, प्राचार्या पी0एम0श्री राजकीय इण्टर कॉलेज खलीलाबाद डा0 सबीहा मुमताज, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित खण्ड शिक्षा अधिकारी व सम्मानित अनुदेशक आदि उपस्थित रहे।












