प्रयागराज । प्रयाराज के नैनी थाना क्षेत्र के मडोका रोड पर रविवार शाम करीब पांच बजे प्रॉपर्टी डीलर अजहरुद्दीन उर्फ बुद्धू (36) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की मुख्य वजह पार्टनर अरविंद भारतीय के साथ व्यवसायिक विवाद बताया जा रहा है।
घटना के अनुसार, अजहरुद्दीन अरविंद भारतीय के मडोका रोड स्थित लगन गेस्ट हाउस के पास कार्यालय में गए थे, जहां दोनों के बीच धंधे को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद अरविंद ने अजहरुद्दीन की कनपटी पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय अरविंद के अन्य तीन-चार साथी भी वहां मौजूद थे और सभी कार से फरार हो गए।
गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ अजहरुद्दीन की लाश पाई। सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।
घटना के कुछ देर बाद आरोपी अरविंद भारतीय अतरसुइया थाने पहुंचे और सरेंडर कर दिया। उन्होंने अपने सरेंडर का वीडियो भी जारी किया, जिसमें उन्होंने हत्या की बात स्वीकार की और अपने साथियों के नाम भी बताए।अपर पुलिस कमिश्नर डॉ. अजय पाल शर्मा ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।












