HomeHealth & Fitnessगीता देवी हत्याकांड की जांच तेज, एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

गीता देवी हत्याकांड की जांच तेज, एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

किशनगंज। कुर्लीकोट थाना क्षेत्र के भैसलौटी पंचायत अंतर्गत चुरली गांव में 35 वर्षीय गीता देवी की हत्या मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मृतका के परिजनों एवं ग्रामीणों से पूछताछ की।

मामले के त्वरित उद्भेदन और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान टीम (SIT) का गठन किया गया है। जानकारी के अनुसार 16 मई को पुलिस को सूचना मिली थी कि गीता देवी का शव घर में पड़ा है।

सूचना मिलते ही कुर्लीकोट थानाध्यक्ष, अंचल पुलिस निरीक्षक ठाकुरगंज एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर उसे सुरक्षित कराया।

इसके बाद एफएसएल टीम एवं डॉग स्क्वॉड को भी जांच के लिए बुलाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने स्वयं मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2, अंचल पुलिस निरीक्षक, स्थानीय थानाध्यक्ष एवं अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। एसपी ने अधिकारियों को घटना के कारणों का जल्द खुलासा करने तथा दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतका मूल रूप से भैसलौटी गांव की रहने वाली थी, लेकिन वर्तमान में दरभंगा जिले के कुसेसर स्थान खलासी में अपने परिवार के साथ रह रही थी।

मृतका अपने पति और चार बच्चों के साथ चचेरे देवर की शादी में शामिल होने 15 अप्रैल को गांव आई थी और चचेरे सास-देवर के घर में ठहरी हुई थी। जिस घर में वह रह रही थी, वहीं उसका शव बरामद हुआ।

पुलिस ने बताया कि मामले में तकनीकी विश्लेषण और मानवीय सूचना के आधार पर जांच जारी है। एसपी संतोष कुमार ने कहा कि घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी कर त्वरित विचारण के माध्यम से सजा सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि घटना से संबंधित कोई भी जानकारी हो तो पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments